उत्तरप्रदेश

आगरा में पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, ऊपर से कर दिया प्लास्टर!

 आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से प्लास्टर करवा दिया। इसके बाद वह करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का दावा करती रही। पुलिस ने शक के आधार पर बाथरूम की खुदाई कराई, जहां से शव बरामद हुआ। मामले में महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, 44 वर्षीय सुरेंद्र आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित प्राक्षी टावर चौकी इलाके में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। वह 18 मई से लापता था। इस दौरान परिवार की ओर से उसके गायब होने की बात कही जा रही थी।

भाई के शक पर खुला मामला

मृतक के भाई को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ। उसने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घर पहुंचकर जांच शुरू की। शक गहराने पर बाथरूम की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान फर्श के नीचे से सुरेंद्र का शव बरामद हुआ।

प्लास्टर कर छिपाया गया था शव

प्राथमिक जांच में सामने आया कि शव को बाथरूम में दफनाने के बाद उस स्थान पर प्लास्टर करा दिया गया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पत्नी हिरासत में

पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

इलाके में दहशत

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button