ट्रैक्टर की टक्कर से गिरे पिता और पुत्र को कार ने कुचला, दोनों की मौत

हापुड़: नेशनल हाइवे-334 पर ट्याला अंडरपास के पास शनिवार सुबह ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक गिर गई। इसी दौरान पीछे से आई कार ने बाइक सवार पिता और पुत्र को कुचल दिया। इस हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों घायलों को मेरठ रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक हाइवे पर ट्रैफिक बाधित रहा। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक से जा रहा था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र के बम्हेटा निवासी विनोद उर्फ बबली एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। बताया गया कि शनिवार देर शाम वह परिवार के साथ मेरठ के खरखौदा में साली के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह वह पत्नी शालू, बेटे वरुण और बेटे प्रियांश के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-334 में मेरठ-हापुड़ बाईपास पर जब वह देहात क्षेत्र में ट्याला अंडरपास से ततारपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंचे, तभी साइड से गुजरी रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे चारों गिए।
हेलमेट नहीं पहना था
इस हादसे में विनोद और उनका बेटा वरुण डिवाइडर की ओर गिरे। इसी दौरान पीछे से आई कार उनके ऊपर चढ़ गई और डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, शालू और छोटा बेटा प्रियांश दूसरी ओर गिरे। हादसे में मृतक की पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त बाइक सवार विनोद समेत किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। इस कारण विनोद और वरुण के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
पत्नी और दूसरे बेटे की हालत नाजुक
सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वरुण को मृत घोषित कर दिया। विनोद को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल विनोद की पत्नी शालू और दूसरे बेटे प्रियाश का पाची स्थित मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।



