महाराष्ट्र

डॉक्टर की पत्नी ने शादी के 48 दिन बाद किया सुसाइड, पति ने नजर रखने के लिए घर के अंदर बाहर लगाए थे CCTV

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 48 दिन बाद 26 वर्षीय विशाखा तिलकर ने घरेलू उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। विशाखा की शादी 30 अप्रैल को डॉक्टर नितिन तिलकर से हुई थी। परिवार का कहना है कि शादी से पहले सब कुछ सामान्य था, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल वालों का व्यवहार अचानक बदल गया। आरोप है कि विशाखा पर लगातार मायके से पैसे, गहने और अन्य कीमती सामान लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

घर के अंदर और बाहर लगवाए थे सीसीटीवी कैमरे

विशाखा के परिजनों ने बताया कि उसके पति नितिन तिलकर ने घर के अंदर और बाहर कई सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। इससे वो उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाती थी। परिवार का आरोप है कि उसकी निजी जिंदगी पूरी तरह खत्म कर दी गई थी। यहां तक कि अगर वह किसी पड़ोसी या बाहरी व्यक्ति से बात कर लेती थी तो घर लौटते ही उसके साथ मारपीट की जाती थी। आत्महत्या से दो दिन पहले भी विशाखा को सिर्फ पड़ोसन से बात करने पर बेरहमी से पीटा गया था।

उसने फोन कर अपनी पीड़ा बताई थी। उसने बताया था कि कैसे ससुराल वाले उसपर अत्याचार कर रहे हैं। हम उसे वापस घर लाने की तैयारी कर रहे थे।

पीड़िता की मां

आरोपी पति गिरफ्तार

इस लगातार हो रहे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से वह पूरी तरह टूट चुकी थी। आत्महत्या से पहले उसने अपनी मां को फोन कर अपनी पीड़ा और ससुराल में हो रहे अत्याचारों के बारे में बताया था। परिवार के अनुसार, वे उसे वापस घर लाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन इससे पहले ही उन्हें उसकी आत्महत्या की खबर मिल गई। इस घटना के बाद अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में पति नितिन तिलकर, उसकी मां छाया तिलकर और भाई निनाद तिलकर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन तिलकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button