दुनिया का अनोखा घर, जहां रहने वाले हर रोज जाते हैं विदेश, बिना पासपोर्ट-वीजा के करते है आसानी से ट्रैवल

Intresting Facts : दुनिया भर में देशों की सीमाएं आमतौर पर सख्त नियमों, सुरक्षा चौकियों और पासपोर्ट-वीजा जैसी प्रक्रियाओं से जुड़ी होती हैं. लेकिन भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र में एक ऐसा गांव भी मौजूद है, जहां अंतरराष्ट्रीय सीमा लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है. यह अनोखा गांव है लोंगवा, जो नगालैंड के मोन जिले में भारत और म्यांमार की सीमा पर स्थित है.
लोंगवा गांव अपनी खूबसूरत प्राकृतिक वादियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी पहचान यहां स्थित एक खास घर है. यह घर कोंगयाक नगा जनजाति के पारंपरिक मुखिया, जिन्हें स्थानीय भाषा में अंगघ कहा जाता है. इस घर की विशेषता यह है कि इसके बीचों-बीच भारत और म्यांमार की अंतरराष्ट्रीय सीमा गुजरती है.
इस अनोखी भौगोलिक स्थिति के कारण घर का एक हिस्सा भारत में आता है, जबकि दूसरा हिस्सा म्यांमार में स्थित है. बताया जाता है कि मुखिया का बेडरूम भारतीय सीमा के भीतर है, जबकि रसोईघर म्यांमार की तरफ पड़ता है. ऐसे में परिवार का एक दिन दो देशों के बीच गुजरता है. यही कारण है कि यह घर दुनिया भर के पर्यटकों और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है.
लोंगवा गांव की एक और खास बात यह है कि यहां रहने वाले कोंगयाक नगा समुदाय के लोगों के सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध सीमा के दोनों ओर फैले हुए हैं. कई परिवारों के रिश्तेदार भारत और म्यांमार दोनों देशों में रहते हैं. इसी वजह से स्थानीय लोगों को दोनों तरफ आवाजाही की विशेष छूट प्राप्त है, जिससे वे खेती, व्यापार और पारिवारिक गतिविधियों के लिए सीमा पार आसानी से जा सकते हैं.
हालांकि लोंगवा का इतिहास केवल इसकी अनोखी सीमा तक ही सीमित नहीं है. कोंगयाक जनजाति कभी अपने योद्धा स्वभाव के लिए प्रसिद्ध थी. अतीत में उन्हें “हेडहंटर्स” के रूप में जाना जाता था, लेकिन समय के साथ यह परंपरा समाप्त हो गई. आज यह समुदाय अपनी समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और मेहमाननवाजी के लिए पहचाना जाता है.
आज के समय में लोंगवा गांव सिर्फ एक भौगोलिक अजूबा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सीमाओं से परे मानवीय रिश्तों का प्रतीक भी बन चुका है. यही वजह है कि यह अनोखा गांव इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और दुनिया भर के लोगों की जिज्ञासा का केंद्र बना रहता है.


