…समंदर में ऐसा क्या हुआ कि तटों पर आ गिरे सैकड़ों रहस्यमयी जीव

Blue Creatures Wash Up UK Beaches: हाल ही में समुद्र तटों पर ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसकी शायद लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी. दरअसल, ब्रिटेन के बीच पर घूमने आए लोग उस समय दंग रह गए जब समुद्र किनारे नीले रंग के हजारों छोटे और चमकीले जीव बहकर आ पहुंचे. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, कुम्ब्रिया के सेंट बीस बीच पर सैकड़ों की संख्या में ये नीले जीव देखे गए हैं. वेल्स के तटों पर भी ऐसी ही तस्वीरें सामने आई हैं, जिसे पिछले एक दशक में सबसे बड़ी घटना मानी जा रही है. लोग इनकी तस्वीरें खींचने के लिए भारी तादाद में जमा हो रहे हैं. ये नजारा देखने के बाद लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि, ये किसी दूसरे ग्रह के जीव यानी एलियन जैसे लग रहे हैं. जानकारों का मानना है कि ब्रिटेन में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज हवाओं के चलते ये जीव समुद्र किनारे आ फंसे हैं.
दिखने में जेलीफिश, पर असलियत है एकदम अलग (mysterious blue creatures UK)
वैज्ञानिक भाषा में इन्हें वेलेला वेलेला (Velella velella) कहा जाता है और आम बोलचाल में लोग इन्हें ‘बाय-द-विंड सेलर्स’ (by-the-wind sailors) कहते हैं. देखने में ये नीली जेलीफिश जैसे लगते हैं, लेकिन असल में ये कोई एक जीव नहीं, बल्कि छोटे-छोटे जीवों का एक समूह होता है. लगभग दो इंच लंबे इन जीवों के शरीर पर पारदर्शी नाव जैसा एक छोटा सा ‘सेल’ यानी पाल बना होता है. तेज पछुआ हवाएं जब चलती हैं, तो ये हवा के सहारे बहते हुए समंदर से किनारे की ओर आ जाते हैं. ये जीव आम तौर पर अटलांटिक, प्रशांत और हिंद महासागरों में पाए जाते हैं.



