जरा हट के

आधी रात को हाईवे पर खौफनाक टक्कर, पलटा मशहूर इन्फ्लुएंसर का गुलाबी ट्रक, बची जिंदा तो यूं खिंचवाई फोटो!

सोशल मीडिया पर अपनी खूबसूरती और भारी-भरकम ट्रक चलाने के हुनर से लाखों दिलों पर राज करने वाली एक महिला ट्रक ड्राइवर के साथ हाईवे पर एक ऐसा खौफनाक हादसा हुआ, जिसने उसके फैंस की सांसें रोक दीं. ब्राजील के हाईवे पर आधी रात को हुए एक भीषण रोड एक्सीडेंट में 24 साल की मशहूर इन्फ्लुएंसर ड्राइवर गेब्रिएली फ्रांसिस्कन का आइकॉनिक ‘गुलाबी रंग का ट्रक’ पूरी तरह पलट गया. लेकिन कहते हैं कि ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’, ऐसा ही कुछ गेब्रिएली के साथ भी हुआ. यह हादसा जितना भयानक था, उतनी ही चमत्कारी भी था, जिसकी वजह से यह युवा महिला ड्राइवर इस जानलेवा मलबे से बिना एक खरोंच आए बिल्कुल सही-सलामत जिंदा बाहर निकल आई. इसके बाद गेब्रिएली ने ट्रक के सामने खड़े होकर मुस्कुराते हुए फोटो भी खिंचवाया.

यह पूरी घटना ब्राजील के पापान्दुवा में बीआर-116 (BR-116) हाईवे पर 30 मई की सुबह को हुआ था, जिससे जुड़ा पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जाता है कि सोशल मीडिया पर 12 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाली गेब्रिएली फ्रांसिस्कन अपना मशहूर गुलाबी रंग का ‘स्कैनिया’ ट्रक लेकर वकारिया से रवाना हुई थीं. लगभग पांच घंटे का सफर तय करने के बाद, हाईवे पर अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके लेन में घुसकर सीधे उनके ट्रक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवे का क्रैश बैरियर भी उस भारी-भरकम ट्रक को सड़क से नीचे गिरने से नहीं रोक सका. ट्रक पूरी तरह असंतुलित होकर सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा पलटा. लेकिन किस्मत अच्छी थी और वो जिंदा बच गईं. इसके बाद गेब्रिएली ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की, जिसमें वह किनारे पर पलटे हुए अपने क्षतिग्रस्त गुलाबी ट्रक के ठीक सामने खड़े होकर पोज देती नजर आ रही हैं.

सुरक्षित देखकर फैंस हुए खुश
हादसे के बाद जैसे ही गेब्रिएली ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के साथ मुस्कुराते हुए फोटो डाला, वो वायरल हो गया. उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वो बिल्कुल सुरक्षित हैं, तो उनके चाहने वालों ने राहत की सांस ली. इस दुर्घटना में कार के ड्राइवर को भी मामूली चोटें आईं, जिसे मौके पर ही पैरामेडिक्स की टीम द्वारा प्राथमिक उपचार दे दिया गया. अपने फैंस से बातचीत करते हुए गेब्रिएली ने बताया, “दुर्भाग्य से मेरा ट्रक यहां गड्ढे में पलट गया. मैं अपनी लेन पर लगे ब्रेक के निशानों को देख रही थी. जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दूं कि सामने वाली कार गलत तरीके से मेरी लेन में आ गई थी. मैंने पूरी ताकत से ब्रेक लगाया और ट्रक को बचाने के लिए किनारे की तरफ मोड़ा, लेकिन भारी होने के कारण यह पलट गया. टक्कर के वक्त मेरी रफ्तार महज 59 किमी/घंटा थी. सच में दोस्तों, आप सड़क पर कब क्या हो जाए, इसका अंदाजा कभी नहीं लगा सकते.”

भावुक हो गईं गेब्रिएली की मां!
गेब्रिएली की मां, शीला बेलावेर ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया दी, जो खुद भी एक मशहूर ट्रक ड्राइवर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. उन्होंने बताया कि एक्सीडेंट के तुरंत बाद वहां से गुजर रही एक अन्य महिला ट्रक ड्राइवर ने सबसे पहले आगे बढ़कर गेब्रिएली की मदद की थी. भावुक होते हुए शीला ने लिखा, “भगवान का लाख-लाख शुक्र है कि मेरी बेटी खतरे से बाहर है. अब यह सब भूलकर एक बार फिर उसी पुराने संकल्प और हिम्मत के साथ नई शुरुआत करने का समय है.” फिलहाल स्थानीय पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस हादसे के लिए कौन सी पार्टी मुख्य रूप से जिम्मेदार थी. इस बीच, ‘ब्लेस प्रोटेक्शॉ वेइकुलर’ नाम की कंपनी ने गेब्रिएली और उनकी मां के इस पसंदीदा गुलाबी ट्रक को पूरी तरह से ठीक करने और उसे दोबारा चमकाने की जिम्मेदारी ली है. कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा है कि वे इस ट्रक को पूरी तरह से रीस्टोर करके एकदम परफेक्ट कंडीशन में वापस लौटाने के लिए उनकी पूरी टीम इस काम में जुट गई है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button