छत्तीसगढ़

छिंदारी बांध में नहाने गए तीन दोस्तों में एक किशोर डूबा, तलाश में जुटे गोताखोर

खैरागढ़। जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। युवक की तलाश के लिए दुर्ग से SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम बुलाई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुईखदान के तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ देर बाद तीनों जलाशय में नहाने उतरे। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे पानी के गहरे हिस्से की ओर चले गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और तीनों डूबने लगे। हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि लक्ष्य पाल (17 वर्ष) पिता संजय पाल गहरे पानी में समा गया और फिर बाहर नहीं निकल सका।

कल सर्च ऑपरेशन चलाएगी SDRF की टीम

घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस के मुताबिक जलाशय की अधिक गहराई और सीमित दृश्यता के कारण तलाश में कठिनाई आ रही है। स्थिति को देखते हुए दुर्ग से SDRF टीम को बुलाया गया है, जो विशेष उपकरणों के साथ गुरुवार को सर्च ऑपरेशन चलाएगी।

चेतावनी के बाद भी गहरे पानी में उतर रहे

गौरतलब है कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी और सावधानी बरतने की अपील के बावजूद लोग गहरे पानी में उतरने का जोखिम उठा रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। घटना के बाद किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button