विधायक-नायब तहसीलदार विवाद : विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं तहसीलदार

अंबिकापुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार विवाद मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। विधायक टोप्पो के दो समर्थक पंकज गुप्ता और नाजिम रजा ने आज सीतापुर थाने में सरेंडर किया है। बता दें कि नायब तसीलदार तुषार मानिकपुरी से मारपीट का आरोप लगाते हुए विधायक और समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार हड़ताल पर हैं। इसके चलते विधायक के कहने पर समर्थकों ने थाने में सरेंडर किया है।
कलेक्टर, एसपी और विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच हुई लंबी बातचीत के बाद दोनों समर्थकों ने सीतापुर थाने में सरेंडर किया। वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और एसडीएम फगेश सिन्हा को सीतापुर से हटाने पर बात बनी है।
इस मामले पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी अपील की है कि तहसीलदार संघ हड़ताल से वापस आ जाएं। जो भी इस मामले से जुड़ा था उस पर एफआईआर हो गई है। आम जनता को परेशान ना करें। तहसीलदार काम पर वापस आ जाएं।
जानिए पूरा मामला
दरसअल, विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन किसी काम से नायब तहसीलदार कार्यालय गई थी, जहां उन्होंने नायब तसीलदार तुषार मानिकपुरी पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया। टोप्पो की बहन के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ी कि नायब तहसीलदार ने फाइल फेंक दी और तू तड़ाक करते हुए दफ्तर से बाहर कर दिया। इसके बाद तहसीलदार और विधायक के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। नायब तहसीलदार ने विधायक पर मारपीट का आरोप लगाया है। दोनों पक्ष ने एक- दूसरे के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया है। वहीं प्रदेशभर के तहसीलदार विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। विधायक समर्थक भी नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



