राष्ट्रीय

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा : एनटीए का दूसरा सेट भी हुआ था लीक

 नई दिल्ली, नीट पेपर लीक को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सीबीआई की जांच में सामने आया है कि नीट का सिर्फ एक पेपर लीक नहीं हुआ था, बल्कि दोनों सेट का पेपर लीक हुआ था। दूसरा सेट रिजर्व में रखा गया था, लेकिन जांच के दौरान पता चला है कि दूसरे सेट के सवाल भी गेस पेपर के सवालों से हूबहू मेल खाते हैं। नीट पेपर लीक में सबसे बड़े किंगपिन माने जा रहे असिस्टेंट प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी, सीनियर टीचर मनीषा गुरुनाथ मांधरे और मनीषा वाघमारे के नाम सामने आए हैं। दरअसल, हर साल नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा नीट यूजी क्वेश्चन पेपर के दो सेट तैयार किए जाते हैं। इनमें से कौन-सा सेट परीक्षा में आएगा, इसकी जानकारी डायरेक्टर जनरल के अलावा किसी और को नहीं होती। एक सेट का पेपर होता है, जबकि दूसरा सेट रिजर्व में रखा जाता है, ताकि अगर कहीं कोई गड़बड़ी या जरूरत पडऩे पर तुरंत दूसरे सेट का पेपर कराया जा सके। अब सामने आया है कि रिजर्व सेट का पेपर भी पहले ही आउट हो चुका था। मिली जानकारी के अनुसार, जो पेपर तीन मई को परीक्षा में आया था और जो पेपर रिजर्व में रख गया था, दोनों के बायोलॉजी और केमिस्ट्री के सभी सवाल गेस पेपर में थे।

जांच में खुलासा हुआ है कि प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी और सीनियर टीचर मनीष मांधरे ने मिलकर एक गेस पेपर बनाया था, जो कई राज्यों में लाखों में बिका। इसमें बायोलॉजी के 180 और केमिस्ट्री के 90 सवाल ऐसे मिले हैं, जो एनटीए के दोनों नीट सेट्स से मेल खाते हैं। दोनों में जो सेट पेपर में आया था, उसमें बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के 45 सवाल यानी आधे-आधे प्रश्न बैंक में हूबहू लिखे हैं। पता चला है कि प्रो. पीवी कुलकर्णी और सीनियर टीचर मनीषा मांधरे ने बॉयोलॉजी के सवाल एनटीए से चोरी किए थे। इसके अलावा सीबीआई को फिजिक्स के कुछ सवाल भी लीक होने के सबूत मिले हैं। दोनों नीट पेपर बनाने वाले एक्सपर्ट पैनल का हिस्सा थे। दोनों ने सवालों को हाथ से लिखवाया और एक गेस पेपर नाम देकर बेचा था। इसमें मनीषा वाघमारे ने एजेंट के तौर पर गेस पेपर बेचा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button