मध्यप्रदेश

KP यादव का मजाक उड़ाने वाले सिंधिया समर्थक को नोटिस

भोपाल/गुना। भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सिंधिया समर्थक कृष्णा घाड़गे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित पोस्ट के बाद की गई है, जिसमें बिना नाम लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।

जिला भाजपा अध्यक्ष की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि पार्टी प्लेटफॉर्म या सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता और विरोधाभासी बयानबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। संगठन ने इसे पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए गंभीरता से लिया है।

दरअसल कृष्णा घाड़गे ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट में “बालक बुद्धि नेता” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। माना जा रहा है कि यह टिप्पणी गुना के पूर्व सांसद के.पी. यादव की ओर संकेत करते हुए की गई थी, जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराया था।

पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई और मामला पार्टी संगठन तक पहुंच गया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा संगठन ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में सोशल मीडिया पर पार्टी छवि को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button