80KM की रफ्तार वाला बवंडर, दिल्ली-UP-बिहार में हाहाकर, ओले-बारिश की मार; 19 राज्यों में IMD अलर्ट

Today Weather Live: पश्चिम बंगाल सहित आज 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने वाले हैं. लोगों को इंतजार है कि क्या बंगाल में सत्ता परिवर्तन होगी या ममता दीदी का जादू बरकरार रहेगा. इस बीच देश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है और इस बार इसका मिजाज कुछ ज्यादा ही आक्रामक नजर आ रहा है. मौसम को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी कर दिया है. 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं, ओलावृष्टि और तेज बारिश ये सब मिलकर एक ऐसे हालात बना रहे हैं, जो आम लोगों से लेकर किसानों तक के लिए चुनौती बन सकते हैं. खास बात यह है कि यह बदलाव अचानक नहीं है, बल्कि कई मौसमीय सिस्टम के एक साथ सक्रिय होने का नतीजा है. चुनावी हलचल के बीच मौसम का यह रुख एक अलग ही कहानी कह रहा है. जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी मंडरा रहा है. ऐसे में सवाल यही है कि क्या यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकेगी या फिर यह मौसम नई परेशानियों का संकेत है?
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में जारी अलर्ट ने साफ कर दिया है कि आने वाले 24 से 48 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं. मौसम विभाग ने न केवल तेज हवाओं की चेतावनी दी है, बल्कि ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने को कहा है. पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक, हर जगह मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल सकता है. पूर्वी भारत में भारी बारिश का अंदेशा है, जबकि उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में आंधी और धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि आपके राज्य और शहर में मौसम का क्या हाल रहने वाला है, ताकि आप पहले से तैयारी कर सकें और किसी भी जोखिम से बच सकें.
- देश में सक्रिय मौसम प्रणालियों ने एक जटिल स्थिति पैदा कर दी है. मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में बनी द्रोणिका और हरियाणा के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने हवा के दबाव और दिशा में बदलाव ला दिया है. इसका सीधा असर यह है कि नमी और गर्मी का संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे तेज आंधी और बारिश की स्थितियां बन रही हैं. दक्षिण से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ का मेल इस सिस्टम को और मजबूत बना रहा है.
- इसके अलावा दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी भारत तक फैली द्रोणिका और अलग-अलग जगहों पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौसम को अस्थिर बनाए हुए हैं. यही कारण है कि देश के कई हिस्सों में एक साथ अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिल रहा ह कहीं तेज बारिश, कहीं ओले, तो कहीं धूल भरी आंधी.



