BJP प्रवक्ता नाजिया इलाही खान को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी, बोलीं- मैं डरने वाली नहीं

खरगोन: सुप्रीम कोर्ट की वकील और भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नाजिया इलाही खान को पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने खुद इसका खुलासा किया है, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
जानकारी अनुसार खरगोन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे आईं थी। मंच से भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नाजिया इलाही खान ने मंच से एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इंदौर से खरगोन आते समय उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से एक कॉल आया, जिसमें उन्हें धमकी दी गई कि “खरगोन पहुंचोगी तो मृत्यु हो जाएगी।”
मैं इस तरह की धमकियों से डरने वाली नहीं: नाजिया इलाही
नाजिया इलाही खान ने कहा कि मैं तरह की धमकियों से वे डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने मंच से जवाब देते हुए कहा कि एक समय था जब खरगोन को सिमी और पाकिस्तान समर्थित तत्वों ने प्रभावित करने की कोशिश की थी, लेकिन अब यह क्षेत्र विकास और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने अपने विरोधियों द्वारा ‘जहरीला’ कहे जाने पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वे भगवान शिव की भक्त हैं और यह ‘जहर’ उनके लिए प्रसाद के समान है।
‘अखिल भारतीय हिंदवी गौरव सम्मान’ से नवाजा गया
कार्यक्रम के दौरान विविधा संस्था द्वारा वर्ष 2026 का ‘अखिल भारतीय हिंदवी गौरव सम्मान’ नाजिया इलाही खान को प्रदान किया गया। इसके अलावा सुप्रसिद्ध गीतकार डा. विष्णु सक्सेना को ‘अखिल भारतीय कविवर विद्यापति सम्मान’ तथा कवयित्री शारदा ठाकुर को ‘अखिल भारतीय मां नर्मदा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
महामंडलेश्वर और सांसद शामिल हुए
समारोह में ‘निमाड़ स्तवन-2026’ स्मारिका का विमोचन भी किया गया, जिसका इस वर्ष का विषय ‘निमाड़ के संत’ रहा। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी अजय रामदास जी महाराज, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ख्यात कवियों ने शिरकत की
रात्रि में आयोजित कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. विष्णु सक्सेना के गीतों ने समां बांधा, जबकि हास्य कवि अंतू झकास और मुकेश शांडिल्य ने दर्शकों को खूब हंसाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शंभू सिंह मनहर एवं डॉ. विराज भालके ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूजा गुप्ता ने व्यक्त किया।



