मशीन गन, कुल्हाड़ी, खून-खराबा, ‘एनिमल’ में क्यों था रोंगटे खड़े कर देने वाला एक्शन? डायरेक्टर ने खोला राज

संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल’ अब जापान मे रिलीज होने के लिए तैयार है. यह साल 2023 में रिलीज हुई थी लेकिन लेकिन इसके एक्शन सीन्स की चर्चा आज भी कम नहीं हुई है. हाल ही में डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि रणबीर कपूर के वो खतरनाक कुल्हाड़ी और मशीन गन वाले फाइट सीन्स सिर्फ स्टाइल के लिए नहीं थे, बल्कि उनके पीछे एक गहरी कहानी छिपी थी. वांगा का कहना है कि वह रणबीर के किरदार को दूसरे हाफ में शारीरिक रूप से कमजोर और घायल दिखाना चाहते थे, इसलिए फिल्म में इतनी तगड़ी हिंसा दिखाना जरूरी था. उन्होंने समझाया कि कैसे फिल्म का एक्शन सीधे तौर पर इसकी स्क्रिप्ट से जुड़ा हुआ था.
नई दिल्ली. रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल को रिलीज हुए तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन इसका खुमार आज भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है.
अब यह फिल्म जापान के सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है. इंटरनेशनल रिलीज से ठीक पहले डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि कैसे उन्होंने फिल्म के सबसे चर्चित और विवादित एक्शन सीन्स को इतनी बारीकी से शूट किया था.
हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 इंग्लिश के मुताबिक, हाल ही में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संदीप रेड्डी वांगा ने 19 मिनट के इंटरवल सीक्वेंस के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि किस तरह रणबीर के किरदार रणविजय सिंह और हथियारों से लैस हमलावरों की उस पूरी फौज के बीच की जंग को पर्दे पर उतारने के पीछे क्या विजन था और इसके लिए उन्होंने क्या-क्या पापड़ बेले थे.
दिखावे के लिए नहीं था एक्शन, कहानी की मांग थी
संदीप रेड्डी वांगा ने साफ किया कि ‘एनिमल’ का एक्शन सिर्फ दिखावे के लिए नहीं था, बल्कि कहानी की मांग थी. वह फिल्म के दूसरे हिस्से में रणबीर के किरदार की शारीरिक कमजोरी और उसकी चोटों को सही ठहराना चाहते थे. उन्होंने बताया, ‘मैं चाहता था कि फिल्म के दूसरे हाफ की शुरुआत में रणविजय घायल दिखे, ताकि उसके इलाज वाला हिस्सा तर्कसंगत लगे. इसके लिए एक्शन का इतना हिंसक और गंभीर होना जरूरी था, ताकि वह इतना चोटिल हो जाए कि उसे घर पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़े.
कई हिस्सों में बांटकर फिल्म में रखा एक्शन
इतने लंबे एक्शन सीक्वेंस को दिलचस्प बनाए रखने के लिए संदीप ने इसे अलग-अलग स्टेज में बांट दिया था. उन्होंने बताया, ‘इसी सोच के साथ मैंने इस लड़ाई को लेयर्स में डिजाइन किया-जैसे पहले कुल्हाड़ी वाला हिस्सा, फिर मशीन गन और आखिर में वह बड़ी वाली गन वाली मशीन जिस पर बैठकर वह फायरिंग करता है.’ इस तरीके से फिल्म की कहानी स्वाभाविक रूप से हीरो की लाचारी और उसकी चोटों की तरफ बढ़ पाई.
एनिमल फिल्म में क्यों किया मास्क का इस्तेमाल?
सिर्फ हथियारों ही नहीं, संदीप ने उन अजीबोगरीब एनिमल मास्क और मार-धाड़ के बीच बजने वाले ट्रेडिशनल म्यूजिक पर भी बात की. उन्होंने दिलचस्प राज खोलते हुए बताया कि मास्क का इस्तेमाल असल में एक जुगाड़ के तौर पर किया गया था. संदीप ने कहा, ‘अक्सर शूटिंग के दौरान जो फाइटर्स आते हैं, वो असली किरदार नहीं बल्कि कोरियोग्राफर की टीम होती है. मैं उनके चेहरे छुपाना चाहता था, इसलिए हमने एनिमल मास्क का इस्तेमाल किया, जिससे सीन को एक अलग और डरावना लुक मिल गया. साथ ही, हमने इसमें एक मराठी गाना भी जोड़ दिया ताकि माहौल बिल्कुल अलग लगे.’
जापान में रिलीज होगी रणबीर कपूर की ‘एनिमल’
बताते चलें कि एनिमल फिल्म की पूरी कहानी रणविजय (रणबीर कपूर) और उसके पिता बलबीर सिंह (अनिल कपूर) के बीच के उस जुनून और उलझे हुए रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे टॉक्सिक हो जाता है. हालांकि, फिल्म के जरूरत से ज्यादा हिंसक होने पर काफी बहस हुई और आलोचना भी झेलनी पड़ी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी सफलता ने सबकी बोलती बंद कर दी. साल 2023 की इस मूवी ने दुनियाभर में 900 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था. बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म अब जापान में 13 फरवरी को दस्तक देने जा रही है.
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से ..



