Stocks to Watch: आज Jubilant FoodWorks समेत ये शेयर कराएंगे फायदा, तेजी के संकेत

नई दिल्ली: महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में छुट्टी थी। इसके पहले मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच निवेशकों ने आईटी और पावर शेयरों में अंतिम कारोबारी घंटों में तेज बिकवाली की थी। इससे बाजार ने अपनी शुरुआती बढ़त खो दी थी। इस तरह घरेलू शेयर बजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 188.50 अंक यानी 0.25 फीसदी फिसलकर 74482.78 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान एक समय यह 440.11 अंक उछलकर 75,111.39 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि, कारोबार के अंतिम घंटे में यह बिकवाली के दबाव में आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 38.55 अंक यानी 0.17 टूटकर 22,604.85 अंक पर बंद हुआ था।
मंगलवार को सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, लार्सन एंड टुब्रो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई थी। इसके उलट महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और मारुति में तेजी का रुख रहा था।



