इंदौर त्रासदी पर सवाल सुनते ही भड़कीं मंत्री प्रतिमा बागरी, माइक झटककर बीच में ही लगा दी गाड़ी की तरफ दौड़

कटनी: जिले में एक कार्यक्रम के दौरान, मध्य प्रदेश की नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बारे में पूछे गए सवालों से असहज होकर मीडिया से बचकर निकल गईं। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है, जबकि सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सवाल पर हुईं असहज
कटनी जिले के द्वारका भवन में राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचीं मंत्री प्रतिमा बागरी से पत्रकारों ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और इस पर राहुल गांधी के ट्वीट के बारे में सवाल पूछे। सवाल सुनते ही मंत्री चुप हो गईं और इंदौर मामले पर कुछ भी बोलने के बजाय करीब एक मिनट तक ‘शिक्षा संघ’ और ‘शिक्षक सम्मान’ के बारे में बात करती रहीं। जब पत्रकारों ने दोबारा सवाल पूछा, तो उन्होंने औपचारिक ‘धन्यवाद’ कहकर माइक झटक दिया और तेजी से अपनी गाड़ी की ओर बढ़ गईं।
कांग्रेस ने बोला हमला
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। इंडियन नेशनल कांग्रेस ने एक्स (पहले ट्विटर) पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘ये हैं प्रतिमा बागरी- मध्य प्रदेश की BJP सरकार में नगरीय विकास मंत्री हैं। इंदौर में गंदे पानी से हुई मौतों पर सवाल सुनते ही मंत्री साहिबा माइक झटककर चुपचाप निकल गईं। लोग मर रहे हैं, परिवार बिलख रहे हैं, लेकिन इन मौतों के जिम्मेदार सवालों से पीछा छुड़ाने में लगे हैं।’
सांसद ने संभाली स्थिति
मंत्री के इस रवैये से बिगड़ी स्थिति को संभालने के लिए कार्यक्रम में मौजूद सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि सरकार इंदौर मामले को लेकर बेहद गंभीर है। कई अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। सांसद ने यह भी कहा कि यह मुद्दा सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं है, बल्कि जहां भी लापरवाही बरती जाएगी, वहां कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



