तीन शादियां, सभी ने छोड़ा…महिला ने छह महीने के अपने बच्चे को मार डाला, मुंबई में खौफनाक घटना आई सामने

मुंबई: मुंबई में खौफनाक घटना सामने आई है। एक महिला ने अपने छह महीने के बच्चे की तकिए से दबाकर हत्या कर दी। मां ने जब इस घटना को अंजाम दिया तब मासूम झूले में सो रहा था। अपने बच्चे की हत्या करने के बाद महिला ने एक अन्य महिला पर हमला किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अरेस्ट किया तो चौंकानेवाला खुलासा हुआ कि महिला ने अपने बच्चे को भी मार डाला है। बच्चे की डेडबॉडी घर से बरामद की गई। पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बच्चा एचआईवी से ग्रसित था।
कंट्रोल रूम को आई कॉल
पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम को एक कॉल आई थी। इसमें कहा गया था कि चेंबूर के तिलक नगर इलाके में एक 43 साल महिला एक अन्य महिला को छुरा घोंपने की कोशिश कर रही है। इस कॉल के कार्रवाई के बाद एक महिला की हत्या-आत्महत्या के प्लान का पर्दाफाश हुआ। पुलिस के अनुसार महिला ने छह महीने के बच्चे की हत्या करने के बाद उसे पूर्व में काम पर देने वाली महिला पर जानलेवा हमला किया। इसके बाद महिला सुसाइड करना चाहती थी। वह अपने हालात से काफी परेशान थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला खुद बेरोजगार थी। महिला को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। महिला को निर्भया दस्ते की टीम ने अरेस्ट किया।
महिला ने पुलिस को बताई आपबीती
पुलिस के महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक गंभीर बीमारी से पीड़ित है जिससे उसकी मौत हो सकती है। महिला की तीन शादियां हो चुकी थीं, लेकिन सभी पति उसे छोड़ चुके थे। वह एक अन्य पुरुष के साथ संबंध में थी। जिसने गर्भावस्था की जानकारी पर उसे छोड़ दिया था। 6 महीने पहले बच्चे को जन्म देने के बाद, मां और बेटे दोनों को गंभीर बीमारी का पता चला। आर्थिक तंगी और इलाज के बढ़ते खचों से त्रस्त होकर महिला ने कथित तौर पर यह कदम उठाया है। महिला ने अपने बयान में तलाक की बात कबूली है। वह अपने माता-पिता और एक विवाहित भाई-बहन के साथ शिवाजी नगर के बैगनवाड़ी में रह रही थी।



