राजनीति

सुनिए ट्रंप साहब! भारतीय अर्थव्यवस्था डूबती नहीं, ये तो दुनिया की उम्मीदों का सितारा है

नई दिल्ली: उसे गुरूर है उसके चाहने वाले बहुत हैं, और मुझे यकीन है मेरे जैसा एक भी ना होगा…डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर ने भारत और अमेरिका की शानदार केमिस्ट्री को थोड़ा तीखा कर दिया है। अमेरिका को गलतफहमी है उसके बिना भारत का गुजारा नहीं, और भारत को यकीन है कि पूरी दुनिया को भारत की जरूरत है और हमेशा रहेगी। दरअसल दोनों देशों के बीच टैरिफ को लेकर खींचतान काफी बढ़ गई है। आलम यह है कि डोनाल्ड ट्रंप भारत पर बयानों के तीखे तीर छोड़ रहे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस के गहरे रिश्तों पर फिर से निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘न्यू इंडिया’ रूस के साथ जो चाहे करे, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। ट्रंप ने भारत से आने वाले सामान पर 25% टैक्स लगाने की घोषणा के बाद यह तीखा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत और रूस अपनी कमजोर अर्थव्यवस्थाओं को साथ में डुबो सकते हैं, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।’

ट्रंप के इस बयान से भारत और अमेरिका के व्यापारिक रिश्तों में खटास आ सकती है। ट्रंप भारत की अर्थव्यवस्था को हल्के में आंकने की गलती कर रहे हैं। वह भूल गए हैं कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी भारत में है। यह आबादी दुनिया के देशों के लिए एक बड़ा बाजार है। खासकर अमेरिका के लिए।

हालात यहां तक ना पहुंचे…

भारत में अमेरिका के कई गैजेट्स इस्तेमाल होते हैं, जिनमें लैपटॉप, एप्पल मोबाइल फोन, और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। अगर भारत के युवाओं ने इन गैजेट्स के खिलाफ ‘मेन इन इंडिया’ अभियान छेड़ दिया तो ट्रंप के पसीने छूट जाएंगे। हालांकि बात अभी यहां तक नहीं पहुंची है, लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था के डूबने का सपना देखने वाले ट्रंप को आंखों में पानी मारकर भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के बारे में जानना चाहिए।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

विश्लेषकों का कहना है कि भारत तेजी से तरक्की करने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत को ‘मृत अर्थव्यवस्था’ कहना गलत है। आईएमएफ जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था मानती हैं। ऐसे में ट्रंप का बयान सही नहीं है। भारत विदेशी निवेश के लिए अच्छा ठिकाना है। कई बड़ी कंपनियां यहां अपने कारखाने लगा रही हैं। भारतीय लोगों की, खासकर तकनीकी क्षेत्र में, बहुत मांग है। भारत कई देशों को सेवाएं देने वाला बड़ा देश है।

‘विकसित देशों की अर्थव्यवस्थाएं बूढ़ी हो रही है’

ईवाई इंडिया के मुख्य नीति सलाहकार डी के श्रीवास्तव ने कहा कि विकसित देशों की अर्थव्यवस्थाएं बूढ़ी हो रही हैं। वहां रहने वाले भारतीय लोगों की वजह से ही थोड़ी तरक्की हो रही है। आईएमएफ ने फरवरी 2025 में भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि भारत सरकार की अच्छी नीतियों और सुधारों से अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। इससे भारत फिर से तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है।

2047 तक विकसित देश बन सकता है भारत

आईएमएफ ने यह भी कहा कि भारत की तरक्की से 2047 तक विकसित देश बनने का सपना पूरा हो सकता है। इसके लिए भारत को और भी सुधार करने होंगे। ईवाई के श्रीवास्तव ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे अच्छी है। यहां के लोग जवान हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 2024 में भारत के लोगों की औसत उम्र 28.8 साल है। जबकि अमेरिका में यह 38.5 साल और यूरोप में 42.8 साल है। आईएमएफ की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 और 2026 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.4% रहने का अनुमान है। यह आईएमएफ के अप्रैल के अनुमान से ज्यादा है।

विश्व बैंक के आंकड़े देखिए

विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और ओईसीडी जैसी संस्थाओं ने भी ऐसे ही अनुमान लगाए हैं। विश्व बैंक और ओईसीडी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.3% रहने का अनुमान लगाया है। एडीबी का अनुमान 6.5% है।


अंतरिक्ष और एआई सेक्टर में भी दबदबा बना रहा भारत

भारत की अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है। यह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। भारत सरकार की नीतियों और सुधारों से अर्थव्यवस्था को और भी ताकत मिलेगी। भारत विदेशी निवेशकों के लिए एक सुरक्षित और आकर्षक जगह बन गया है। भारत तकनीकी क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां के युवा अंतरिक्ष और एआई जैसे आधुनिक क्षेत्रों में नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी भारत की तरक्की की प्रशंसा कर रही हैं। भारत 2047 तक एक विकसित देश बनने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पूरी दुनिया को अपनी ताकत दिखाने वाले भारत का डिफेंस सेक्टर भी तेजी से विकास कर रहा है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button