‘जो करना है कर लो… मैं हिंदी-भोजपुरी बोलूंगा, मराठी नहीं’, मीरा रोड के बाद विरार के रिक्शा चालक का

मुंबई: विरार में एक रिक्शा चालक का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वह मराठी बोलने से इनकार कर रहा है। रिक्शा चालक कह रहा है कि वह सिर्फ हिंदी और भोजपुरी बोलेगा। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र में भाषा को लेकर विवाद चल रहा है। मीरा भाईंदर में भी हिंदी-मराठी को लेकर झड़पें हुई हैं। उधर, यह पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई है और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में क्या?
दरअसल विरार रेलवे स्टेशन के बाहर एक रिक्शा चालक और एक बाइक सवार के बीच बहस हो गई। बहस मराठी भाषा बोलने को लेकर थी। रिक्शा चालक ने मराठी बोलने से इनकार कर दिया। उसने गुस्से में कहा कि वह सिर्फ हिंदी बोलेगा। वीडियो में रिक्शा चालक यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि मैं हिंदी बोलूंगा, भोजपुरी बोलूंगा। तुम्हें जो करना है करो। मैं हिंदी में बात कर रहा हूं। मुझे मराठी में बात नहीं करनी है। हिंदी में बात करूंगा। मीडिया को बुलाओ। हिंदी में बात करूंगा। कैसे बात करता है तू, मैं मराठी नहीं, हिंदी में बात करूंगा।
मीरा भाईंदर में मराठी नहीं बोलने पर पीटा
हाल ही में मीरा भाईंदर में एक व्यापारी को मनसे कार्यकर्ताओं ने मराठी नहीं बोलने पर पीटा था। मनसे कार्यकर्ताओं ने उससे पूछा था कि महाराष्ट्र में कौन सी भाषा बोली जाती है। उसने जवाब दिया था कि महाराष्ट्र में सभी भाषाएं बोली जाती हैं। इससे गुस्साए मनसे कार्यकर्ताओं ने उसे पीटा था। इस घटना के बाद व्यापारियों ने मीरा रोड में एक बड़ा मोर्चा निकाला था। इसके जवाब में मनसे और अन्य मराठी संगठनों ने भी मीरा भाईंदर में मोर्चा निकाला। पुलिस ने मनसे के मोर्चे को अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया था। काफी हंगामे के बाद आखिरकार मीरा भाईंदर में मनसे का मोर्चा निकला।



