संपादकीय

पाक फिर बेनकाब

NIA की जांच ने पाकिस्तान के इस झूठ की पोल खोल दी है कि पहलगाम आतंकी हमले में उसका हाथ नहीं था। अब तो इस बात के सबूत हैं कि सीमा पार इस हमले की साजिश ही नहीं रची गई, आतंकवादी भी वहां से आए थे और उन्हें पाकिस्तानी इस्टैब्लिशमेंट का पूरा सपोर्ट था। इस खुलासे से पाक प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत का पक्ष मजबूत हुआ है।

आतंकियों के साथ पाक: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने उन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पाकिस्तान से आए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को पनाह दी थी। इनमें से एक आतंकी की पहचान हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान के रूप में हुई है, जो पाकिस्तानी सेना में पैरा कमांडो रह चुका है। माना जा रहा है कि सेना ने मूसा को इस आतंकी मिशन के लिए ही लश्कर को दिया था। इससे एक बार फिर यह साबित होता है कि आतंकवाद पाकिस्तानी सेना की रणनीति का एक हिस्सा है और वह आतंकियों के साथ मिलकर काम करती है।

कार्रवाई सही साबित हुई: भारत का शुरू से कहना रहा है कि पहलगाम में पाकिस्तान शामिल है। उसके सेना प्रमुख असीम मुनीर के इशारे पर यह घिनौनी वारदात हुई। यह खुलासा भारत के उन कदमों को सही ठहराता है, जो उसने पहलगाम के बाद उठाए थे – सीमा पार मौजूद आतंकी ढांचों को ध्वस्त करना और सिंधु जल समझौते का निलंबन।

दबाव बनाए भारत: टेरर फंडिंग पर नजर रखने वाली एजेंसी FATF ने भी कुछ दिनों पहले कहा था कि इतना बड़ा आतंकी हमला आर्थिक मदद के बिना संभव नहीं है। ऐसे में पाकिस्तान को फिर से FATF की ग्रे लिस्ट में डालने के लिए भारत अपनी बात मजबूती से रख सकता है। साथ ही, इससे पाकिस्तान पर लश्कर प्रमुख हाफिज सईद समेत उन आतंकियों पर कार्रवाई करने का भी दबाव बनाया जा सकता है, जिसे उसने अपने यहां छिपा रखा है।

चौतरफा घेरने का मौका: संसद पर हमला हो, मुंबई अटैक या फिर पठानकोट – हर बार पाकिस्तान की संलिप्तता सामने आई और इसके बावजूद उसने अपना टेरर अजेंडा नहीं छोड़ा। ऐसे में यह उम्मीद नहीं कर सकते कि पहलगाम मामले में वह सच को सहजता से स्वीकार कर लेगा या अपनी आदत बदल देगा। हां, इस मौके का इस्तेमाल उसे घेरने और अमेरिका जैसे देशों की आंखें खोलने के लिए कर सकते हैं, जिन्हें अब भी पाकिस्तान पर भरोसा है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button