व्यापार

मई में भारत के निर्यात में 2.17 प्रतिशत की गिरावट, व्यापार घाटा 21.88 अरब डॉलर

नई दिल्ली। भारत से वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात मई में 2.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38.73 अरब डॉलर रहा जबकि पिछले साल इसी माह में वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात 39.59 अरब डॉलर था। वाणिज्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी निर्यात-आयात की मासिक रिपोर्ट के अनुसार इस बार मई में आयात 1.7 प्रतिशत गिर कर 60.61 अरब डॉलर रहा। इस तरह मई का व्यापार घाटा 21.88 अरब डालर रहा। चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों अप्रैल-मई के दौरान वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात बढ़ कर 77.19 अरब डॉलर तथा आयात 125.52 अरब डॉलर रहा।

ताजा आकंड़ों के अनुसार इस बार मई में वस्तुओं और सेवाओं, दोनों को मिला कर समग्र निर्यात सालाना आधार पर 2.77 प्रतिशत बढ़ कर 71.12 अरब डालर रहा। पिछले साल मई में समग्र निर्यात 69.20 अरब डॉलर के बराबर था। मई में सेवाओं का निर्यात एक साल पहले के 29.61 अरब डालर से बढ़कर 32.39 अरब डॉलर रहा। मई में वस्तुओं और सेवाओं का समग्र आयात पिछले साल मई के 78.55 अरब डॉलर की तुलना में घट कर 77.75 अरब डॉलर रहा। इस तरह समग्र आयात-निर्यात में इस वर्ष मई का व्यापार घाटा 6.62 अरब डॉलर रहा, जो एक साल पहले इसी माह 9.35 अरब डॉलर था।

चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों अप्रैल-मई, 2025 के दौरान कुल समग्र निर्यात सालाना आधार पर 5.75 प्रतिशत बढ़ कर 142.43 अरब डॉलर रहा। इन दो महीनों में समग्र आयात भी 6.52 प्रतिशत बढ़ कर 157.57 अरब डॉलर रहा। पिछले साल इसी अवधि में समग्र आयात 149.81 डॉलर था। अप्रैल-मई 2025 में समग्र व्यापार घाटा 17.14 अरब डॉलर रहा। पिछले साल इसी अवधि में घाटा 15.12 अरब डॉलर था।

भारत ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कुल (वस्तु एवं सेवाओं को मिला कर) 824.9 अरब डॉलर का निर्यात किया था, जो सालाना आधार पर 6.01 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2023-24 में कुल निर्यात 778.1 अरब डॉलर था। पिछले वित्त वर्ष में देश से वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात 437.42 अरब डॉलर के बराबर था।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button