भारत में लॉन्च हुई Diabetes और Weight Loss की शक्तिशाली दवा मोंजारो

नेशनल डेस्क: भारत में डायबिटीज और बढ़ते मोटापे की समस्या से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए एक नई उम्मीद सामने आई है। अमेरिकी दवा कंपनी एली लिली (Eli Lilly) ने मोंजारो (Mounjaro) नाम की एक शक्तिशाली दवा को भारत में लॉन्च कर दिया है, जो न सिर्फ ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद करती है, बल्कि वजन घटाने में भी बेहद कारगर साबित हो रही है। मोंजारो को इंजेक्शन फॉर्म में पेश किया गया है और इसे हफ्ते में सिर्फ एक बार लेना होता है। खास बात यह है कि यह दवा अमेरिका और यूरोप में पहले ही लोकप्रिय हो चुकी है और क्लिनिकल ट्रायल्स में वजन घटाने में शानदार नतीजे दिखा चुकी है। अब भारत में भी इसे मंजूरी मिल चुकी है, जिससे डायबिटीज और मोटापे से परेशान लाखों लोगों को फायदा मिलेगा।
भारत में मोंजारो की कीमत और उपलब्धता
मोंजारो इंजेक्शन वायल के रूप में उपलब्ध होगी और इसकी कीमत इस प्रकार रखी गई है:
– 2.5 mg वायल – ₹3,500
– 5 mg वायल – ₹4,375
मोंजारो क्या है और यह कैसे काम करती है?
मोंजारो का रासायनिक नाम तिरज़ेपाटाइड (Tirzepatide) है। यह एक जीआईपी (GIP) और जीएलपी-1 (GLP-1) रिसेप्टर एगोनिस्ट दवा है, जो शरीर में ब्लड शुगर कंट्रोल करने और वजन घटाने में मदद करती है।
कैसे करता है असर?
– इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ाकर ब्लड शुगर को नियंत्रित करता है।
– भूख को कम करता है, जिससे लोग कम कैलोरी खाते हैं।
– ग्लूकागन हार्मोन के स्तर को कम करता है, जिससे शरीर में शुगर का उत्पादन घटता है।
– पेट से भोजन को धीमे-धीमे बाहर जाने देता है, जिससे अधिक समय तक भूख नहीं लगती।
– वसा नियंत्रण में मदद करता है और लिपिड मेटाबोलिज्म को बेहतर बनाता है।
क्लिनिकल ट्रायल्स में वजन घटाने के प्रभावशाली नतीजे!
– 15 mg मोंजारो लेने वाले प्रतिभागियों ने औसतन 21.8 किलोग्राम वजन घटाया।
-5 mg डोज लेने वालों का वजन 15.4 किलोग्राम कम हुआ।
– यह परीक्षण 72 हफ्तों तक चला और नतीजे बेहद सकारात्मक रहे।
भारत में डायबिटीज और मोटापे की बढ़ती समस्या
– भारत में 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज और मोटापे से जूझ रहे हैं।
– मोटापा करीब 200 बीमारियों का कारण बन सकता है, जिनमें हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, हार्ट डिजीज और नींद से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं।
किन लोगों के लिए मोंजारो उपयोगी है?
– बीएमआई (BMI) 30 kg/m² या उससे अधिक हो (अत्यधिक मोटापा)।
– बीएमआई 27 kg/m² या उससे अधिक हो और साथ में हाई बीपी, डायबिटीज या कोलेस्ट्रॉल जैसी बीमारियां हों।
क्या मोंजारो भारत में गेम चेंजर साबित होगी?
मोंजारो भारत में डायबिटीज और मोटापे से जूझ रहे लोगों के लिए एक नई उम्मीद बन सकती है। हालांकि, यह दवा केवल डॉक्टर की सलाह पर ही ली जानी चाहिए।
बेहतर परिणाम के लिए:
– स्वस्थ आहार अपनाएं
-नियमित व्यायाम करें
-डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें


