अमरीकी टैरिफ में राहत से बाजार गुलजार

मुंबई. अमरीकी टैरिफ में राहत दिए जाने के संकेत के बीच चीन की जवाबी कार्रवाई में प्रोत्सहिन पैकेज की घोषणा से विश्व बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली से आज शेयर बाजार गुलजार रहा। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 740.30 अंक अर्थात 1.01 प्रतिशत की छलांग लगाकर 73 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 73,730.23 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 254.65 अंक यानी 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,337.30 अंक पर बंद हुआ। बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी जमकर लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 2.66 प्रतिशत उछलकर 39,751.73 अंक और स्मॉलकैप 2.80 की बढ़ोतरी लेकर 44,538.20 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान बीएसई में कुल 4101 कंपनियों के शेयरों मं कारोबार हुआ, जिनमें से 3247 में तेजी जबकि 768 में गिरावट रही वहीं 86 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 46 कंपनियां हरे जबकि अन्य चार लाल निशान पर बंद रहीं।
विश्लेषकों के अनुसार, अमरीकी कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक ने संकेत दिया है कि ट्रंप सरकार कुछ टैरिफ में राहत दे सकती है, खासतौर पर कनाडा और मैक्सिको से आने वाले उत्पादों पर टैक्स में कटौती संभव है। इस घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में सकारात्मक रुख देखने को मिला, जिससे भारतीय बाजार में भी तेजी आई। ट्रंप प्रशासन की नीतियों जवाब में चीन द्वारा घोषित राहत पैकेज के कारण चीनी और जापानी बाजारों में मजबूती देखने को मिली। इसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा, जिससे सकारात्मक सेंटीमेंट बना रहा। इसके साथ ही अमेरिका द्वारा चीन, मैक्सिको और कनाडा पर लगाए गए भारी टैरिफ भारतीय निर्यातकों के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।



