गाड़ी चलाते हुए लैपटॉप पर काम कर रही थी महिला, पुलिस ने ठोका जुर्माना

नई दिल्ली. गाड़ी चलाते वक्त आपने बहुतों को बहुत कुछ करते देखा होगा. कभी किसी को फोन करते देखा होगा, तो कुछ को मैसेज चेक करते हुए. वहीं कुछ लोग मोहब्बत भी फरमा लेते हैं. लेकिन क्या आपने किसी को कभी किसी को गाड़ी चलाते हुए लैपटॉप पर काम करते देखा है? नहीं देखा होगा, लेकिन बेंगलुरु की डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) ट्रैफिक नॉर्थ ने एक्स पर एक वीडियो शेयर की है, जिसमें एक महिला गाड़ी चलाते हुए लैपटॉप पर काम कर रही है.
ये वीडियो X पर आते के साथ ही वायरल (Viral Video) हो गया है. रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में एक महिला को गाड़ी चलाते समय लैपटॉप का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया. पुलिस ने उस पर जुर्माना तो लगाया ही, साथ में इस तरह की लापरवाह करने के लिए कड़ी चेतावनी भी दी.
वर्क फ्रॉम होम करें, वर्क फ्रॉम कार नहीं
बेंगलुरु के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) ट्रैफिक नॉर्थ ने एक्स पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक महिला को सड़क पर चलते समय स्टीयरिंग वील पर अपना लैपटॉप बैलेंस करते हुए देखा जा सकता है. गाड़ी चलाते समय मल्टीटास्किंग के खतरों पर जोर देते हुए, डीसीपी ट्रैफिक नॉर्थ ने एक्स पर लिखा कि ड्राइविंग करते समय कार से नहीं, बल्कि घर से काम करें. इस वीडियो को अब तक 120.9K लोग देख चुके हैं और 2k लाइक्स मिल चुके हैं.
इस वीडियो को देखकर एक यूजर ने लिखा कि इस बेवकूफ महिला से निपटने के लिए धन्यवाद, ये लोगों की जान जोखिम में डाल रही है. वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि आपने उसका चेहरा क्यों धुंधला कर दिया?. तीसरे ने लिखा कि किसकी गलती है? कर्मचारी की या नियोक्ता की?. एक और यूजर ने लिखा कि ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर देना चाहिए. जबकि एक यूजर ने कहा कि उनकी कंपनी का नाम उजागर किया जाना चाहिए ताकि जो लोग वहां नौकरी के इच्छुक हैं, वो वहां आवेदन करने से बचें.



