जमशेदपुर में बड़ा हादसा, झारखंड की मंत्री की बेटी सहित 4 की मौत

जमशेदपुर:, गुरुवार तड़के झारखंड के जमशेदपुर से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. इस हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी सहित 4 लोगों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा गुरुवार सुबह जमशेदपुर में NH पर हुआ. बताया गया कि मरीन ड्राइव सड़क पर गुरुवार तड़के करीब 3 बजे यह भीषण सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्रक के पीछे तेज रफ्तार सफेद कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है.
सीएम सोरेन ने हादसे पर जताया दुख
जमशेदपुर में हुए हादसे पर सीएम सोरेन ने भी दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा- जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है. अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है. इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं. मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें.
टक्कर इतनी भीषण कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए. सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली. मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार उनकी पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और इस्तिका सिंह के रूप में बताई जा रही है. मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी भी शामिल हैं.
टक्कर इतनी जबरदस्त कि गैस कटर से निकालना पड़ा शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर ट्रक के पीछे फंस गया. कार के अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. मृतकों के शव कार के अंदर बुरी तरह फंस चुके थे और कुछ के सिर धड़ से अलग हो गए थे. पुलिस को क्षत-विक्षत शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा.
जमशेदपुर डीएसपी ने बताया- खड़े ट्रक में स्विफ्ट ने मारी टक्कर
जमशेदपुर के DSP मनोज पांडे ने कहा कि जैसी जानकारी मिली है, उसके अनुसार तड़के ढाई-तीन बजे के करीब स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में टक्कर मार दी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है. हादसे के समय गाड़ी की स्पीड कितनी रही होगी, इस पर उन्होंने अभी कुछ नहीं बताया. कहा कि यह जांच का विषय है. शुरुआती जांच में अभी इतनी ही जानकारी सामने आई है.
झारखंड कांग्रेस की कद्दावर नेता हैं दीपिका पांडेय सिंह
बताते चले कि दीपिका पांडेय सिंह झारखंड में कांग्रेस की कद्दावर नेता हैं. वो अभी झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज मंत्री के रूप में सेवा दे रही हैं. वह गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक (MLA) हैं और कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय सचिव भी हैं. हादसे में उनकी बेटी की मौत पर गोड्डा सासंद निशिकांत दुबे ने भी शोक जताया है.



