हाथ में रुद्राक्ष और मंत्रोच्चार के साथ PM Modi ने संगम में लगाई डुबकी, नौका विहार का भी लिया आनंद

महाकुंभ 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
13 जनवरी से शुरू हुआ महाकुंभ
महाकुंभ 2025 की शुरुआत पौष पूर्णिमा (13 जनवरी 2025) को हुई थी और यह महाशिवरात्रि (26 फरवरी 2025) तक चलेगा। यह दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आ रहे हैं।
पवित्र स्नान से पहले पीएम मोदी ने की बोट राइड
त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमुना नदी में नौका विहार किया। इसके बाद पीएम मोदी ने रुद्राक्ष की माला धारण कर और मंत्रोच्चार करते हुए नदी में खड़े होकर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। पिछले तीन महीनों में प्रधानमंत्री मोदी का प्रयागराज में यह दूसरा दौरा होगा।
5,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर चुके हैं पीएम मोदी
इससे पहले, 13 दिसंबर 2024 को प्रयागराज के दौरे के दौरान, पीएम मोदी ने 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्रयागराज में कनेक्टिविटी, सुविधाओं और सेवाओं को बेहतर बनाना है।


