अब मोबाइल टावर नहीं , सीधे अंतरिक्ष से मिलेगा नेटवर्क ! मस्क ने शुरू की बीटा टेस्टिंग

International Desk: स्पेसएक्स (SpaceX) और टेस्ला (Tesla) के मालिक एलन मस्क ने एक बड़ी तकनीकी क्रांति की ओर कदम बढ़ाया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब मोबाइल फोन बिना किसी मोबाइल टावर के सीधे सैटेलाइट से कनेक्ट होंगे। स्टारलिंक (Starlink) की नई डायरेक्ट टू सेल सैटेलाइट सर्विस (Direct-to-Cell Satellite Service) की बीटा टेस्टिंग आज, 27 जनवरी 2025 से शुरू हो रही है। यह सेवा मोबाइल नेटवर्क के क्षेत्र में बड़े बदलाव का संकेत है और इस नई टेक्नोलॉजी से मोबाइल टावर की जरूरत खत्म हो सकती है।
क्या है डायरेक्ट टू सेल सैटेलाइट सर्विस?
डायरेक्ट टू सेल सर्विस एक ऐसी तकनीक है जो स्मार्टफोन को सीधे स्पेसएक्स के स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क से कनेक्ट करेगी। इसके लिए जमीन पर पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क टावर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह सेवा खासतौर पर उन इलाकों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है जहां मोबाइल नेटवर्क का कवरेज नहीं है, जैसे- दूरदराज के ग्रामीण इलाके, समुद्री क्षेत्र और पर्वतीय क्षेत्र।



