मनोरंजन

फिल्म छावा में गाने से हटाया गया संभाजी महाराज और येसुबाई के डांस वाला सीन, 17 दिन बाद सिनेमाघरों में होगी रिलीज

विक्की कौशल की इस साल रिलीज होने वाली फिल्म ‘छावा’ को लेकर अभी से ही विरोध शुरू हो गए हैं। फिल्म के एक गाने को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने घोषणा की है कि विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना का वो सीन आपत्तियों के बाद फिल्म से हटा दिया गया है। ‘छावा’ मराठा शासक छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है जिसमें विक्की लीड रोल में हैं। सत्तारूढ़ शिवसेना और शिवाजी महाराज के वंशजों ने फिल्म की ऐतिहासिक सटीकता पर आपत्ति जताई थी।

सोमवार को, ‘छावा’ के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने पुष्टि की कि हम उस गाने से सीन्स को हटा देंगे जिसमें संभाजी महाराज अपनी पत्नी महारानी येसुबाई के साथ ‘लेज़िम’ डांस कर रहे हैं। यह फैसला मनसे प्रमुख राज ठाकरे से उनकी मुलाकात के बाद आया। मीडिया को जारी एक आधिकारिक बयान में, लक्ष्मण ने बताया कि मराठा राजा की विरासत के सामने कुछ डांस के सीन्स कुछ भी नहीं हैं।

‘छावा’ से हटा दिया गया वो सीन

मराठी में छावा का अर्थ है ‘शेर का बच्चा’। यह फिल्म दिवंगत उपन्यासकार शिवाजी सावंत की लिखी किताब छावा पर आधारित है। एक बयान में लक्ष्मण ने कहा, ‘मैंने राज ठाकरे से मुलाकात की है। वह पढ़ने वाले व्यक्ति हैं। इसलिए मैंने उनसे कुछ सुझाव और मार्गदर्शन लिया है। और मैं कह सकता हूं, उनके शब्द मेरे लिए बहुत मददगार हैं। उनसे मिलने के बाद, मैंने उन सीन्स को हटाने का फैसला किया है जहां हमने दिखाया है कि संभाजी महाराज लेज़िम डांस कर रहे थे।

‘छावा’ पर डायरेक्टर की सफाई

उन्होंने आगे बताते हुए कहा, ‘जब संभाजी महाराज ने बरहानपुर में हमला किया था, तब उनकी उम्र महज 20 साल थी। हमने शिवाजी सावंत की छावा किताब के राइट्स ले लिए हैं, जिसमें उन्होंने संभाजी महाराज के होली उत्सव में भाग लेने के बारे में लिखा था। हमने महाराज को 20 साल का सोचकर वो बनाया था। यह स्पष्ट था कि उन्होंने लेज़िम पर डांस किया होगा। और क्यों न करें? लेज़िम मराठा संस्कृति का एक हिस्सा है। यह हमारा पारंपरिक डांस है। लेकिन, अगर कोई उन डांस मूव्स या लेज़िम डांस से आहत होता है, तो हम उन्हें हटा देंगे। लेज़िम छत्रपति संभाजी महाराज से बड़ा नहीं है।’

29 जनवरी को होगा प्रीमियर

डायरेक्टर ने महाराष्ट्र के कई मंत्रियों की चिंताओं को भी ध्यान में रखा, जिसमें मांग की गई थी कि विशेषज्ञों को रिलीज से पहले फिल्म देखनी चाहिए। इसलिए उन्होंने कहा, ‘हमने 29 जनवरी को एक प्रीमियर शो रखा है। कुछ इतिहासकार और इतिहास का अध्ययन करने वाले लोग वहां होंगे। हम उनका मार्गदर्शन लेंगे।’

‘छावा’ की कास्ट और रिलीज डेट

इस बीच, लक्ष्मण उतेकर ने अपने बयान में पुष्टि की कि फिल्म 14 फरवरी को उसी समय पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘छावा’ में विक्की कौशल और रश्मिका के अलावा अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा, डायना पेंटी और दिव्या दत्ता सहित कई जाने-माने कलाकार भी हैं।\

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button