खेल

 रोहित शर्मा ने शुरू की चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी,

मुंबई: भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित शर्मा का फॉर्म उनके साथ नहीं है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित बुरी तरह फेल रहे। उससे पहले न्यूजीलैंड और बांग्लादेश टेस्ट सीरीज में भी रोहित का बल्ला नहीं बोला। स्थिति यहां तक आ गई कि सिडनी में हुए बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी मैच से उन्हें बाहर बैठना पड़ा। अगले महीने चैंपियंस ट्रॉफी है और उससे पहले भारतीय कप्तान फॉर्म हासिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।

रोहित ने रणजी टीम के साथ प्रैक्टिस की

रोहित शर्मा मंगलवार को मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम के साथ प्रैक्टिस करने पहुंचे। इसका आयोजन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर किया गया था। वहां उन्होंने लंबे समय तक बैटिंग की। इस दौरान अजिंक्य रहाणे भी बैटिंग कर रहे थे। रहाणे की कप्तानी में ही मुंबई की टीम रणजी ट्रॉफी में मैदान पर उतरेगी। रहाणे भी टीम इंडिया से बाहर हैं और 2023 में ही अपना आखिरी टेस्ट खेला था।

रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे रोहित शर्मा?

मुंबई को रणजी ट्रॉफी में अपना अगला मुकाबला जम्मू कश्मीर के खिलाफ खेलना है। रोहित शर्मा का इस मुकाबले में खेलना तय नहीं है। एमसीए के एक सूत्र ने बताया कि शर्मा ने अभी तक अपनी उपलब्धता नहीं बताई है और वह अभी भी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि रणजी ट्रॉफी लीग मैच खेलेंगे या नहीं। रोहित ने आखिरी बार 2015 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला था।

चैंपियंस ट्रॉफी पर टिका है भविष्य

37 साल के रोहित शर्मा टी20 से संन्यास ले चुके हैं। रोहित का करियर चैंपियंस ट्रॉफी पर टिका है। वहां खराब प्रदर्शन उनके करियर का अंत कर सकता है। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद आईपीएल है। भारत की अगली सीरीज जून में होनी है। टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलेगी। अगर रोहित चैंपियंस ट्रॉफी में फॉर्म में होते हैं तभी शायद इंग्लैंड दौरे पर जगह मिल पाएगी।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button