मध्यप्रदेश

बाइक सवार के चेहरे पर लिपटा चाइनीज मांझा, पलभर में उड़ गया पूरा जबड़ा, जान बचाने डॉक्टरों ने लगाने पड़े 22 टांके

खरगोन: जिले में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का इस्तेमाल लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। बीते रोज कुंदा नदी स्थित नवग्रह पुल से बाइक पर गुजर रहे एक युवक का गला चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। बचाव की कोशिश के दौरान धारदार मांझे ने उसके जबड़े को गहराई तक काट दिया। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने जबड़े पर 22 टांके लगाए। फिलहाल युवक की हालत में सुधार है, लेकिन डॉक्टरों ने उसे कुछ समय तक बोलने और खाने से मना किया है।

हादसे में चिश्तिया नगर निवासी मुबारिक जमशेर घायल हुए हैं। उनके रिश्तेदार अफजल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मुबारिक बाइक से कसरावद रोड की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवग्रह पुल से गुजरते समय अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया।

मुबारिक ने मांझे से बचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान धारदार धागा उनके जबड़े को चीरता हुआ निकल गया। मांझे की धार इतनी तेज थी कि इससे जबड़े पर गहरा घाव हो गया। हादसे के बाद मुबारिक बाइक से सड़क पर गिर पड़े और उनके गले से तेजी से खून बहने लगा।

राहगीरों ने मुबारिक को अस्पताल पहुंचाया

घटना के बाद पुल पर मौजूद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। कुछ राहगीरों ने मुबारिक को पहचान लिया और तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया और जबड़े पर 22 टांके लगाए।

‘प्रतिबंध के बाद भी कैसे बिक रहा मांझा?’

अफजल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इसका इस्तेमाल खुलेआम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पतंग उड़ाने के शौक के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला यह धारदार मांझा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button