3 महीने बाद भी हत्यारे को पकड़ने में पुलिस के नाकाम रहने पर ग्रामीणों ने थाना घेराव के साथ मुख्य मार्ग पर किया चक्का जाम

खैरागढ़. गांव देवारीभाट में हुई राजेश्वर वर्मा की हत्या मामले में 3 महीने बाद भी हत्यारे को पकड़ने में पुलिस के नाकाम रहने पर ग्रामीणों ने थाना घेराव के साथ मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया . इस दौरान ग्रामीणों को पुलिस प्रशासन ने बल पूर्वक रोका.
दरअसल, 19 मई को देवारीभाट निवासी राजेश्वर वर्मा उर्फ उमेश वर्मा की हत्या कर दी गई थी. हत्या के तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक हत्यारे को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. हत्या के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि भी हुई थी, लेकिन हत्याकांड के इस मामले को पुलिस अब तक नही सुलझा पायी है. प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने खैरागढ़ शहर में चाकचौबंद व्यवस्था कर रखी थी, बड़े टीनों की दीवार बना कर थाना पहुँच मार्ग को ब्लॉक कर दिया गया था. लेकिन आक्रोशित ग्रामीण और खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा सड़क पर ही बैठ गए और खैरागढ़ शहर के मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया. जिसके बाद मौके पर एडिशनल एसपी नेहा पांडेय पहुंची और उनकी समझाइश के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया.



