उत्तरप्रदेशराष्ट्रीय

यूपी में सीट बंटवारे को लेकर NDA में हलचल तेज, दिल्ली में होगा मंथन

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है. बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों की दावेदारी का आकलन शुरू कर दिया है. इसको लेकर अगले महीने दिल्ली में एनडीए के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक प्रस्तावित है. जिसमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), निषाद पार्टी, अपना दल (एस) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अपनी राजनीतिक ताकत और जातीय समीकरणों के आधार पर सीटों का बंटवारा होगा.

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने अपने गठबंधन के साथियों से उन विधानसभा की सूची मांगी है जहां पर सामाजिक आधार और कोर वोट बैंक चुनावी नतीजे को प्रभावित कर सकता है. चर्चा है कि सीटों की मांग के मामले में कैबिनेट मिनिस्टर ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा और मंत्री संजय निषाद ने अपनी पार्टी की तरफ से सीटों की सूची बीजेपी केंद्र नेतृत्व को सौंप दी है. वही, 2022 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाली रालोद अब NDA गठबंधन में है. रालोद करीब 30 सीटों की दावेदारी कर रही है. अपना दल (एस) ने अभी अपनी मांग सार्वजनिक नहीं की है.

राजभर और निषाद ने बढ़ाया दबाव

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पूर्वांचल में पिछड़े वर्गों के बीच अपने प्रभाव के आधार पर ज्यादा सीटें चाहते हैं. सूत्रों के अनुसार, उनकी पार्टी ने बीजेपी से 38 सीटों की मांग की है. वहीं, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने अपने समाज की आबादी और प्रभाव वाले क्षेत्रों को आधार बनाकर 36 सीटों पर दावा पेश किया है.

बीजेपी ने दोनों दलों से उन सीटों का ब्योरा मांगा है, जहां उनके समर्थक मतदाता एनडीए उम्मीदवार की जीत में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं. बीजेपी इन सीटों पर जीत की संभावनाओं का आकलन कराने के लिए सर्वे भी करा रही है. अपना दल (एस) भी सीटों के बंटवारे में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी में है. पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल कुर्मी बहुल क्षेत्रों में पार्टी के प्रभाव और पिछले विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर अधिक सीटों की पैरवी कर सकती हैं. 

शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्तर पर होगा फैसला

सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर में दिल्ली में होने वाली बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहयोगी दलों के नेताओं के साथ चर्चा कर सकते हैं. सीटों के बंटवारे में सहयोगियों की मांग के साथ-साथ पिछले चुनाव का प्रदर्शन, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय प्रभाव और संबंधित सीटों पर जीत की संभावना को प्रमुख आधार बनाया जाएगा.

2022 का चुनाव भी बनेगा दावेदारी का आधार

पिछले विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों के प्रदर्शन को भी सीटों के बंटवारे में अहम माना जा रहा है. 2022 में सुभासपा ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह पर जीत दर्ज की थी. निषाद पार्टी ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 11 सीटें जीती थीं. इनमें पांच विधायक बीजेपी के चुनाव चिह्न पर और छह निषाद पार्टी के सिंबल पर जीते थे. वहीं, अपना दल (एस) ने 18 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की थी. 2022 के विधानसभा चुनाव में रालोद ने सपा के साथ गठबंधन में 35 सीटों पर चुनाव लड़ा था और नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी. बाद में पार्टी सपा से अलग होकर एनडीए में शामिल हो गई.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button