‘कौन किस तरफ है, यह साफ है’; परिसीमन का समर्थन करने वाले सहयोगियों पर राहुल गांधी का हमला

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज शनिवार, 28 नवंबर को नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की तरफ से प्रेस ब्रीफिंग की। राहुल गांधी ने इस प्रेस ब्रीफिंग में सरकार को घेरने की कोशिश की।
परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश हो रही है। वहीं, विधेयक पर राकांपा (शरदचंद्र पवार) के रुख को लेकर पार्टी के नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। सुप्रिया सुले ने मसौदा देखने के बाद फैसला लेने की बात कही, जबकि जितेंद्र आव्हाड ने पार्टी के समर्थन का दावा किया। अमोल कोल्हे ने भी मसौदा देखने के बाद ही रुख तय करने की बात कही। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि विधेयक पर पार्टी का रुख कुछ भी हो, इंडिया गठबंधन में उसकी जगह पहले जैसी ही रहेगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी से सवाल पूछा गया कि अगर शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) परिसीमन विधेयक का समर्थन करती है तो इंडिया गठबंधन में उसकी क्या स्थिति होगी? इस पर राहुल गांधी ने साफ कहा कि पार्टी अगर इस विधेयक का समर्थन भी करती है, तब भी इंडिया गठबंधन में उसकी जगह वही रहेगी, जो अभी है।
सुप्रिया सुले ने क्या कहा?
परिसीमन विधेयक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर भी अलग-अलग बयान सामने आए हैं। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने 27 नवंबर को कहा कि उन्होंने अभी विधेयक का मसौदा नहीं देखा है। ऐसे में उस पर समर्थन या विरोध का फैसला कैसे कर सकती हैं? उन्होंने कहा कि संसद के विशेष सत्र का एजेंडा भी अभी स्पष्ट नहीं है।
पार्टी के रुख पर उन्होंने कहा कि विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही फैसला लिया जाएगा। वहीं, विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक की 28 नवंबर को होने वाली बैठक में उनके शामिल नहीं होने की खबर आई। इसकी वजह उनके पिता शरद पवार की तबीयत बताई गई। शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे।
परिसीमन सांविधानिक प्रक्रिया है और इसे कभी न कभी होना ही है: जितेंद्र आव्हाड
दूसरी ओर, पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने सुप्रिया सुले के बयान से अलग रुख अपनाया। उन्होंने शरद पवार से अस्पताल में मुलाकात के बाद दावा किया कि पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला कर लिया है। आव्हाड के मुताबिक, शरद पवार का मानना है कि परिसीमन सांविधानिक प्रक्रिया है और इसे कभी न कभी होना ही है।



