परिसीमन पर पलटी बाजी, दक्षिण भारत की वो 5 पार्टियां, जो अब मोदी सरकार के साथ आई

परिसीमन विधेयक पर संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले देश की राजनीति में नई हलचल और जोड़-तोड़ तेज हो गई है. कभी जिस परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत में तीखे सवाल और आशंकाएं उठती थीं, अब 1971 की आबादी के आधार पर सभी राज्यों में लोकसभा सीटों को 50 फीसदी तक बढ़ाने के संशोधित प्रस्ताव ने सियासी समीकरण ही बदल दिए हैं.
इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को लोकसभा से ‘परिसीमन (सेकंड) विधेयक, 2026’ पर विचार करने की सिफारिश कर दी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल से शुक्रवार को मंजूरी मिलने के बाद यह बिल विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में पेश होना है, जिसके तहत हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों के साथ-साथ विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है.
परिसीमन बिल का डीएमके करेगी समर्थन
इस बिल को लेकर दक्षिण भारत की कई बड़ी पार्टियों का रुख बदला है और वे इसके समर्थन में खुलकर सामने आ रही हैं. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK चीफ एमके स्टालिन ने पार्टी सांसदों की बैठक के बाद विधेयक के समर्थन का ऐलान किया है. स्टालिन के मुताबिक, नए बिल में उनकी पार्टी की वे दो अहम मांगें शामिल कर ली गई हैं, जिनकी वजह से अप्रैल में विरोध किया गया था. उन्होंने हर राज्य में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने के इस कदम को दक्षिणी राज्यों की जीत करार दिया है.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और TDP चीफ चंद्रबाबू नायडू ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक पहल और सभी के लिए ‘विन-विन सिचुएशन’ बताया. उन्होंने ने कहा कि केवल जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होता तो दक्षिण के राज्यों को नुकसान हो सकता था, लेकिन 50 फीसदी सीट बढ़ोतरी के फॉर्मूले ने आशंकाएं दूर कर दी हैं. उन्होंने कहा कि दक्षिण के 5 राज्यों की सीटें 129 से बढ़कर 195 हो जाएंगी और उनकी करीब 23.76 फीसदी आनुपातिक हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी, जिसमें आंध्र प्रदेश की सीटें 25 से 38, तमिलनाडु की 59, कर्नाटक की 42, तेलंगाना की 26 और केरल की 30 हो जाएंगी.
BRS ने किया समर्थन का ऐलान
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के दूसरे दल भी इस समर्थन की कतार में नजर आ रहे हैं. BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने संसद में दक्षिण के 24 फीसदी प्रतिनिधित्व की हिस्सेदारी सुरक्षित रहने की उम्मीद के साथ समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि तेलंगाना की सीटें 17 से बढ़कर 26 होने से राज्य की आवाज मजबूत होगी.
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने 2051 तक मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी बरकरार रखते हुए 50 फीसदी सीट बढ़ोतरी को लोकतंत्र के लिए मजबूत कदम बताया और सभी दलों से मतभेदों से ऊपर उठकर समर्थन की अपील की. इसके अलावा, YSRCP के भीतर भी 50 फीसदी सीट बढ़ोतरी और क्षेत्रीय संतुलन की मांगें पूरी होने की उम्मीद के साथ समर्थन को लेकर चर्चा तेज है.
जेडीएस के नेता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने एनडीए के घटक दल के रूप में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन से राज्यों की सीटों में बढ़ोतरी होगी, जिससे संसद में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व और मजबूत होगा. उन्होंने दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व में कमी आने की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि इससे दक्षिणी राज्यों का नुकसान नहीं होगा.
कांग्रेस ने किया बिल का विरोध
राष्ट्रीय स्तर पर सत्ता पक्ष और सहयोगी दलों को इससे मजबूती मिलती दिख रही है. बीजेपी और NDA के साथ-साथ शिवसेना सांसद संजय जाधव ने भी बिल का समर्थन करते हुए कहा कि सीटें बढ़ने से सांसदों के लिए एक क्षेत्र के 22 से 25 लाख मतदाताओं तक पहुंचना आसान होगा. DMK और एनसीपी (शरद पवार) जैसे दलों के रुख से सरकार को बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्या बल जुटाने में सहारा मिल रहा है.
वहीं कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और विपक्षी खेमे के एक हिस्से ने इस विधेयक का कड़ा विरोध किया है. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कदम उत्तर भारतीय राज्यों का राजनीतिक दबदबा बढ़ाने और जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी राज्यों की आवाज कमजोर करने की कोशिश है. AAP नेता संजय सिंह ने भी इसे राजनीतिक लाभ साधने का प्रयास बताते हुए विरोध किया है.



