दिल्ली में जनगणना का शेड्यूल तय, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम; पहली बार दर्ज होगी जाति की जानकारी

नई दिल्ली: दिल्ली में अगले साल 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का काम किया जाएगा। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक लोगों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प मिलेगा। यानी लोग निर्धारित अवधि में खुद भी अपने और परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक उसमें संशोधन का मौका मिलेगा। पहली बार जाति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
गृह मंत्रालय ने 28 अक्टूबर को जारी किया नोटिफिकेशन
राजस्व विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक,केंद्रीय गृह मंत्रालय की 28 अक्टूबर को जारी नोटिफिकेशन के तहत दिल्ली के लिए जनगणना का कार्यक्रम तय हुआ है। जनगणना के लिए कट ऑफ डेट 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है। यानी इस समय को आधार मानकर आबादी से जुड़े आंकड़े दर्ज किए जाएंगे। उस समय तक पैदा हुए लोग ही जनगणना में शामिल होंगे। संशोधन के दौरान की बचे हुए लोगों को इसमें जोड़ा जा सकता है।
मकानों सूची बनाने का काम पूरा
दिल्ली में जनगणना के पहले चरण में मकानों सूची बनाने का काम इस साल जून में पूरा हो चुका है। इस दौरान करीब 76 लाख मकानों और लगभग 55 लाख परिवारों को कवर किया गया। 16 अप्रैल से 15 जून के बीच चले हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 13 जिलों में कुल 75,98,982 हाउस सेंसस और 54,98,560 परिवारों का रिकॉर्ड तैयार हुआ। इस पूरी कवायद के लिए 45,863 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए बनाए थे।
जनगणना के लिए इस्तेमाल किया जाएगा खास ऐप
राजस्व विभाग जनगणना शुरू करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम अक्टूबर से शुरू कर चुका है। दिल्ली में अलग-अलग लेवल पर जनगणना कर्मियों, इंचार्ज का प्रशिक्षण किया जा रहा है। जनगणना के लिए एक ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। जनगणना के दौरान 40 या उससे अधिक सवाल पूछे जाएंगे।
आजादी के बाद पहली बार हो रहा है ऐसा
जनगणना के इस चरण में जो 40 सवाल पूछे जाएंगे, उनमें लोगों से उनके परिवार और मकान से जुड़ी जानकारियों के अलावा जाति के संबंध में भी जानकारी ली जाएगी। जनगणना के कामकाज से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक संभवतः आजादी के बाद पहली बार जनगणना के तहत जाति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का भी ब्यौरा जुटाया जाएगा। लोगो से पूछा जाएगा कि वे मोबाइल, कप्यूटर और इंटरनेट चलाना जानते है या नहीं। क्या कभी उन्होंने अपना निवास स्थान बदला है, वो मौजूदा पते पर कब से रह रहे है। इससे दिल्ली में दूसरे राज्यों और शहरों से आए लोगों की तादाद से जुड़े आंकड़े भी मिल सकेंगे।



