‘आज एयर चीफ नहीं, पूर्व छात्र बनकर आया हूं’, लखनऊ में पहुंचे एयर चीफ मार्शल दीक्षित और एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला

लखनऊ: लखनऊ के CMS गोल्फ सिटी कैंपस में सोमवार को भव्य विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर भारतीय वायुसेना के प्रमुख बनने के बाद पहली बार एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और देश के गौरव एस्ट्रोनॉट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अपने पुराने स्कूल पहुंचे।
स्कूल परिसर में पहुंचने पर छात्रों के बैंड ने शानदार धुन और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ दोनों अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद वायुसेना प्रमुख और ग्रुप कैप्टन ने अलग अलग ग्रुप के छात्रों की ओर से लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों के वैज्ञानिक मॉडलों व प्रयोगों की बारीकियों को समझकर उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
मेहनत करने का संदेश दिया
छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने युवाओं को बड़े सपने देखने, निडर होकर सवाल पूछने और ईमानदारी से मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा केवल अपना बायोडाटा बनाने पर ही ध्यान न दें, बल्कि अपने चरित्र को भी मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि असफलता सफलता के विपरीत नहीं है, बल्कि अक्सर यह सफलता की यात्रा का ही एक हिस्सा होती है। तकनीक का उपयोग मानवता की भलाई के लिए होना चाहिए। छात्रों को सिर्फ यह नहीं सोचना चाहिए कि वे क्या बना सकते हैं, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि उससे किसे लाभ होगा, क्या वह सुरक्षित है और क्या वह सभी के लिए उचित है। अच्छे प्रोफेशनल बनें लेकिन सबसे पहले अच्छे इंसान बनें। उन्होंने 2047 के विकसित भारत के निर्माण में नई तकनीक, AI और अंतरिक्ष अनुसंधान में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि अंतरिक्ष से देशों की सीमाएं नहीं दिखतीं, पू री पृथ्वी हमारा साझा घर है इसलिए ‘जय जगत’ की भावना को आत्मसात करें।
याद किए 1971 के ज्ञान मेले और स्कूल के दिन
अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आज वे यहां वायुसेना प्रमुख के रूप में नहीं, बल्कि इसी स्कूल के एक पूर्व छात्र और बच्चों के साथी के रूप में आए हैं। CMS की पूर्व एमडी डॉ. गीता गांधी ने बताया कि आशुतोष दीक्षित ने 1976 में आनंद नगर कैंपस में कक्षा-6 में प्रवेश लिया था और 1978 में राजेंद्र नगर कैंपस से 1980 में 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। आशुतोष दीक्षित ने 1971 के ज्ञान मेले के वीडियो को याद करते हुए कहा कि तब से अब तक कंप्यूटर कमरे से सिमटकर जेब में आ गए हैं, लेकिन जिज्ञासु दिमाग की ताकत आज भी वैसी ही है।
उन्होंने संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी और डॉ. भारती गांधी के निस्वार्थ सेवा के मंत्र को अपनी वर्दी पहनने की प्रेरणा बताया। इस मौके पर उन्होंने तत्कालीन प्रिंसिपल सुदर्श कौर और डॉ. भारती गांधी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। समारोह में अयोध्या में रामलला की पोशाक डिजाइन करने वाले प्रसिद्ध डिजाइनर मनीष त्रिपाठी द्वारा तैयार विशेष भेंट देकर एयर चीफ मार्शल को सम्मानित किया गया।
शुभांशु शुक्ला बोले
कार्यक्रम में एस्ट्रोनॉट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अपने जीवन के सफर को याद करते हुए कहा कि उनकी यात्रा लखनऊ से ही शुरू हुई और माता-पिता के बाद सीएमएस के शिक्षकों व भारतीय वायुसेना ने उनके जीवन को दिशा दी। माइक्रोग्रैविटी के अपने रोमांचक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में पहली बार स्ट्रैप खोलकर खिड़की से पृथ्वी को निहारना एक अनमोल पल होता है, जब लगता है कि समय थम गया है। अपने संदेश को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि ‘आसमान कभी सीमा नहीं था… न मेरे लिए, न आपके लिए और न ही भारत के लिए।’



