भारत में 3 लाख बच्चे टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित, एम्स के डॉक्टरों ने दिए इससे निपटने के टिप्स

AIIMS Type 1 Diabetes : टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को बेहतर जीवन देने के लिए सिर्फ बीमारी की पहचान और इलाज ही नहीं, बल्कि परिवार, स्कूल और समाज का सहयोग भी जरूरी है. इसी उद्देश्य से नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान और HRIDAY ने 23 नवंबर को Beyond Diagnosis: Living Well with Type 1 Diabetes at Home, in Schools and Communities’ कार्यक्रम आयोजित किया. इसमें विशेषज्ञों, सरकारी प्रतिनिधियों, डॉक्टरों, अभिभावकों, शिक्षकों और टाइप-1 डायबिटीज के साथ जीवन जी रहे लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में AIIMS के एंडोक्राइनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख प्रो. निखिल टंडन, HRIDAY की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रो. मोनिका अरोड़ा और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की चाइल्ड हेल्थ और RBSK प्रभारी डिप्टी कमिश्नर डॉ. शोभना गुप्ता शामिल हुईं.
4 T पर ध्यान देना जरूरी
इस मौके पर डॉक्टरों ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर में इंसुलिन बनना प्रभावित होता है. ऐसे में मरीजों को नियमित इंसुलिन, ब्लड शुगर की निगरानी और डॉक्टर की सलाह के मुताबिक इलाज की जरूरत होती है. इसके साथ संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और अच्छी नींद भी बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं. कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) 2.0 की ऑपरेशनल गाइडलाइंस 2026 में टाइप-1 डायबिटीज की स्क्रीनिंग को शामिल किए जाने को अहम कदम बताया गया. इसके तहत बच्चों में बीमारी के शुरुआती लक्षण पहचानने के लिए ‘4Ts’ पर जोर दिया गया है. यानी बार-बार पेशाब आना (Toilet), अत्यधिक प्यास लगना (Thirsty), थकान (Tired) और वजन कम होना (Thinner) शामिल हैं. लक्षण मिलने पर मौके पर ब्लड ग्लूकोज टेस्ट और जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल के NCD क्लीनिक में रेफर करने की व्यवस्था है.
AIIMS के प्रो. निखिल टंडन ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के लिए ध्यान सिर्फ बीमारी की पहचान तक सीमित नहीं रहना चाहिए. बच्चों को अपनी बीमारी समझने और आत्मविश्वास के साथ उसका प्रबंधन करने के लिए तैयार करना जरूरी है. इंसुलिन, नियमित ब्लड शुगर मॉनिटरिंग, पौष्टिक खानपान और शारीरिक गतिविधियां रोजमर्रा की देखभाल का अहम हिस्सा हैं. परिवार और स्कूलों के सहयोग से ऐसे बच्चे भी सक्रिय और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं. HRIDAY की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रो. मोनिका अरोड़ा ने कहा कि आज की जीवनशैली का असर लंबे समय के स्वास्थ्य पर पड़ता है. शारीरिक गतिविधियों की कमी, अस्वस्थ खानपान, पर्याप्त नींद न लेना और बढ़ता तनाव बड़ी चुनौतियां हैं. टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को ऐसा माहौल देना जरूरी है, जहां इंसुलिन लेने और स्वस्थ आदतों को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाया जा सके. जागरूकता बढ़ाकर और सामाजिक भेदभाव खत्म करके बच्चों को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने में मदद की जा सकती है.
स्कूलों में हो सुविधा
कार्यक्रम में स्कूलों की भूमिका पर भी विशेष चर्चा हुई. विशेषज्ञों ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को जरूरत पड़ने पर इंसुलिन लेने, ब्लड शुगर जांचने और खेलकूद में हिस्सा लेने की सुविधा मिलनी चाहिए. बीमारी के आधार पर किसी बच्चे के साथ भेदभाव या उसे अलग-थलग नहीं किया जाना चाहिए. इस दौरान HRIDAY और Beyond Type 1 की Grassroots to Global India Initiative की प्रगति भी साझा की गई. इस पहल के पहले चरण में 14 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि दूसरे चरण में अब तक करीब 2 लाख लोगों तक जागरूकता पहुंचाई गई है. टाइप-1 डायबिटीज के साथ जीवन जी रहे लोगों का एंबेसडर नेटवर्क 14 से बढ़कर 250 से ज्यादा हो गया है. ये एंबेसडर अपने अनुभव साझा कर दूसरे मरीजों और उनके परिवारों को बीमारी समझने और उसका प्रबंधन करने में मदद कर रहे हैं.
कार्यक्रम में मिथक बनाम सच्चाई पर इंटरैक्टिव सत्र, योग सत्र, प्रदर्शनी और बच्चों व उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं काउंसलिंग भी आयोजित की गई. इसके अलावा देशभर से मिली 170 से ज्यादा प्रविष्टियों में से चुने गए 12 विजेताओं को विश्व डायबिटीज दिवस 2026 पोस्टर प्रतियोगिता के तहत सम्मानित किया गया. HRIDAY के बारे में: HRIDAY यानी Health Related Information Dissemination Amongst Youth नई दिल्ली स्थित गैर-लाभकारी संस्था है, जो पिछले 27 वर्षों से स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं से जुड़े स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर काम कर रही है.



