अंतर्राष्ट्रीय

डॉयचे बैंक के लीक दस्तावेजों से खुली पोल: अरबपतियों से एपस्टीन तक के कई राज आए सामने, जांच में और क्या खुलासे?

अंतरराष्ट्रीय मीडिया की जांच में जर्मनी के डॉयचे बैंक की पुरानी कारोबारी गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। 1.5 करोड़ से अधिक लीक आंतरिक दस्तावेजों की पड़ताल में दावा किया गया है कि बैंक ने जोखिम प्रबंधन और अनुपालन अधिकारियों की कई चेतावनियों को नजरअंदाज किया।

जर्मनी के दिग्गज बैंक डॉयचे की पुरानी कारोबारी गतिविधियां एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों की पड़ताल में सामने आया है कि बैंक ने अपने जोखिम प्रबंधन और अनुपालन अधिकारियों की कई चेतावनियों को नजरअंदाज किया। रूस के ताकतवर अरबपति कारोबारियों और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ बैंक के संबंधों को लेकर भी गंभीर खुलासे हुए हैं।

यह जांच 1.5 करोड़ से अधिक लीक आंतरिक दस्तावेजों पर आधारित है। इनमें ईमेल, आंतरिक जांच रिपोर्ट, बोर्ड बैठकों के विवरण, अनुपालन रिकॉर्ड और कर्मचारियों के बीच हुई चैट शामिल हैं। फाइनेंशियल टाइम्स , द न्यूयॉर्क टाइम्स , डेर स्पीगल, ले मोंड समेत कई मीडिया संस्थानों के 200 से अधिक पत्रकारों ने इन दस्तावेजों की पड़ताल की है। इस अंतरराष्ट्रीय जांच को ‘इनसाइड डॉयचे बैंक’ नाम दिया गया है।

जांच के मुताबिक, बैंक के सीईओ क्रिश्चियन स्विंग ने 2018 में पद संभालने के बाद बैंक की स्थिति सुधारने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, लीक दस्तावेजों से यह भी पता चलता है कि उन्होंने निजी तौर पर अधिक जोखिम लेने की पैरवी की, अनुपालन व्यवस्था पर सवाल उठाए व बैंक की कुछ समस्याओं की जानकारी शेयरधारकों से छिपाई।

चेतावनी के बाद भी बैंक ने पुतिन के नजदीकी कारोबारियों का किया सहयोग
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के अरबपति कारोबारियों के साथ डॉयचे बैंक के संबंध उसके लिए अनुपालन से जुड़ी बड़ी चुनौती बन गए थे। बैंक के भीतर जोखिम प्रबंधन अधिकारियों ने बार-बार चेतावनी दी थी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी कारोबारियों के साथ लेनदेन से बैंक को वित्तीय अपराध और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का जोखिम हो सकता है।

  • इसके बावजूद बैंक ने इन कारोबारियों के साथ अपने संबंध बनाए रखे और उनके वित्तीय लेनदेन जारी रहे।
  • लीक दस्तावेजों में रूस के प्रमुख कारोबारी नामों में अरबपति ओलेग डेरिपास्का और विक्टर वेक्सेलबर्ग भी शामिल हैं। बैंक की आंतरिक टीमों ने उनके वित्तीय लेनदेन से जुड़े जोखिमों को चिह्नित किया था, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ कारोबार जारी रहा।

एपस्टीन से जुड़े 5.6 हजार करोड़ के संदिग्ध भुगतान

  • फाइनेंशियल टाइम्स की जांच में यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ डॉयचे बैंक के संबंधों को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है। बैंक ने एपस्टीन से जुड़े करीब 5,606.44 करोड़ के संदिग्ध भुगतानों का लेनदेन किया था।
  • यह रकम पहले सामने आई जानकारी से कहीं अधिक है। इन भुगतानों में महिलाओं को दी गई रकम, चैरिटी के लिए मिले धन के कथित दुरुपयोग और अमीर लोगों से जुड़े लेनदेन शामिल थे। 
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button