लेख

करतार सिंह सराभा ने भगत सिंह व अन्य क्रांतिकारियों को प्रेरित किया

1915 में जब अंग्रेजों ने करतार सिंह सराभा को फांसी दी, तब उनकी आयु मात्र 19 वर्ष थी। यद्यपि युवावस्था के स्वॢणम वर्षों में ही उनका जीवन समाप्त कर दिया गया, किंतु उनकी विरासत आज भी जीवित है। सराभा की विरासत ने महान क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह को प्रेरित किया। यह सर्वविदित है कि भगत सिंह सदैव अपनी जेब में सराभा की तस्वीर रखते थे, जो उन्हें उनके लक्ष्य-पथ की याद दिलाती थी। सराभा और गदर आंदोलन, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम तथा सरदार भगत सिंह के नेतृत्व में उभरी क्रांतिकारियों की पीढ़ी के बीच एक सतत् कड़ी थे। यह विचारधारा रास बिहारी बोस, शहीद भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों के माध्यम से आगे बढ़ी। भारत से साम्राज्यवादी शक्तियों को बाहर निकालने के उनके प्रयासों का अंतत: परिणाम यह हुआ कि मातृभूमि विदेशी शासन की बेडिय़ों से मुक्त हुई।

इतिहास साक्षी है कि विफल गदर षड्यंत्र के बाद प्रथम लाहौर षड्यंत्र मुकद्दमे के तहत करतार सिंह और उनके 41 साथियों को मार्च, 1915 में लाहौर सैंट्रल जेल में बंद किया गया और बाद में 16 नवंबर, 1915 को उसी जेल में फांसी दी गई। एक उल्लेखनीय संयोग यह है कि कुछ ही वर्षों बाद भगत सिंह तथा उनके साथी शहीदों, सुखदेव और राजगुरु, के विरुद्ध मुकद्दमा भी उसी स्थान पर चलाया गया और उन्हें 23 मार्च, 1931 को उसी लाहौर सैंट्रल जेल में फांसी दी गई। लाहौर षड्यंत्र मुकद्दमे में फांसी दिए जाने से पहले, सराभा ने सहज भाव से लाहौर सैंट्रल जेल की दीवारों पर लिखा था-‘शहीदों का रक्त व्यर्थ नहीं जाता!’ समय बीतने के साथ इतिहास के शोरगुल में महान शहीद करतार सिंह सराभा का योगदान राष्ट्र की सामूहिक स्मृति से धुंधला पड़ता प्रतीत होता है। नवंबर 1928 में ‘चांद’ पत्रिका के ‘फांसी’ अंक में शहीद करतार सिंह सराभा पर लिखे एक निबंध में भगत सिंह ने लिखा था-गिरफ्तार होने पर भी वह प्रसन्न थे। वह अक्सर कहा करते थे, ‘‘मेरी वीरतापूर्ण और साहसिक मृत्यु के बाद मुझे ‘विद्रोही’ की उपाधि देना। यदि कोई मुझे याद रखे, तो ‘विद्रोही करतार सिंह’ के रूप में याद रखे।’’

सराभा ने मात्र 3 वर्ष की आयु में अपने पिता को खो दिया था। उनका पालन-पोषण उनके दादा बदन सिंह ग्रेवाल ने किया। दादा ने उन्हें गांव सराभा के प्राथमिक विद्यालय से लुधियाना के मालवा खालसा स्कूल भेजा और उसके बाद ओडिशा के ऐतिहासिक शहर कटक भेज दिया। वहां उनके 2 चाचा-सरदार वीर सिंह और सरदार बख्शीश सिंह-तत्कालीन बंगाल प्रांत के अधीन ब्रिटिश सरकार में अपेक्षाकृत उच्च पदों पर कार्यरत थे। 1905 के बंगाल विभाजन ने बंगाल और ओडिशा में क्रांतिकारी विचारधारा तथा स्वतंत्रता की भावना को बल दिया। कटक के रेवेनशॉ कॉलेजिएट स्कूल (1909-1911) में प्रसिद्ध राष्ट्रवादी और प्रधानाध्यापक स्वर्गीय बेनी माधव दास के मार्गदर्शन में उनकी क्रांतिकारी और देशभक्तिपूर्ण भावनाओं को ठोस रूप मिलने लगा। भारत की मुक्ति के लिए क्रांतिकारी यात्रा के आगे बढऩे के क्रम में, करतार सिंह सराभा ने 1915 में लाहौर षड्यंत्र मुकद्दमे के दौरान रास बिहारी बोस को गिरफ्तारी से बचने में मदद की। 

कटक से सराभा लुधियाना गए और फिर उच्च शिक्षा प्राप्त करने की प्रबल इच्छा के साथ 1912 में बर्कले के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय पहुंचे। शीघ्र ही उनका संपर्क लाला हरदयाल, सोहन सिंह भकना और पांडुरंग सदाशिव खानखोजे से हुआ, जिन्होंने ‘ङ्क्षहदुस्तान एसोसिएशन ऑफ पैसिफिक कोस्ट’ का गठन किया था। यह 1 नवंबर, 1913 को गदर पार्टी के गठन की पूर्वपीठिका थी। उसी दिन ‘गदर दी गूंज’ समाचार पत्र भी प्रकाशित हुआ। भारत में ब्रिटिश सरकार को उखाड़ फैंकने के स्पष्ट उद्देश्य से गदर पार्टी की स्थापना के बाद, उसके संस्थापक सदस्यों में सबसे कम उम्र के सराभा ने बड़े उत्साह से काम करना शुरू किया और ऐतिहासिक महत्व के निर्णयों में भाग लिया। पार्टी ने सैन फ्रांसिस्को में एक मुद्रणालय स्थापित किया और 1 नवंबर, 1913 को ‘गदर दी गूंज’ का पहला अंक उर्दू में प्रकाशित किया। इसके बाद उसी वर्ष 13 दिसम्बर को पंजाबी संस्करण प्रकाशित हुआ। सराभा संपादकीय मंडल के सदस्य थे और उर्दू, गुरुमुखी, हिंदी तथा अंग्रेजी में अपने क्रांतिकारी विचार स्वयं लिखते थे। रसायन विज्ञान के विद्यार्थी होने के कारण उन्होंने शीघ्र ही हथियारों और गोला-बारूद के निर्माण तथा उनके उपयोग की जानकारी हासिल करना शुरू कर दिया। आगामी क्रांति की तैयारी के तहत वह कलम और पिस्तौल, दोनों का समान सहजता से उपयोग करने में निपुण थे।

बिखरे हुए समूहों को संगठित करने, रैजिमैंटों से संपर्क स्थापित करने तथा धन और हथियार जुटाने में करतार सिंह सराभा की प्रमुख भूमिका रही। जब सरदार सराभा को फांसी देने के लिए उनकी अंतिम यात्रा पर ले जाया जा रहा था, तब उन्होंने मार्मिक भविष्यवाणी करते हुए लाहौर सैंट्रल जेल के अधीक्षक से कहा-‘‘सुपरिंटैंडैंट साहब, यह मत सोचिए कि करतार सिंह मर गया है। मेरे खून की हर बूंद से एक नया करतार सिंह जन्म लेगा और वे देश की आजादी के लिए काम करेंगे।’’ हमारे इतिहास और उसके वर्णन का यह अनोखा संयोग है कि इस विस्मृत नायक का हर शब्द, हर विचार और हर आकांक्षा समय के साथ सच साबित हुई है। यह महान काव्यात्मक न्याय है कि 100 वर्ष बाद, 16 नवंबर को, हम एक राष्ट्र के रूप में इस महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह ‘विद्रोही’ का 111वां शहादत दिवस कृतज्ञतापूर्ण श्रद्धांजलि और सैन्य सलामी के साथ मना रहे हैं।-किरणदीप कौर सहोता 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button