व्यापार

स्थानीय उत्पादों का मजबूत बाजार जरूरी

इन स्वदेशी निर्माण इकाइयों और एमएसएमई इलेक्ट्रॉनिक्स समूहों ने इस वर्ष भारत के त्योहारी बाजार की करीब 80 प्रतिशत से अधिक प्रकाश व्यवस्था, सजावटी लडिय़ों और गृह-सज्जा उत्पादों की मांग को स्वदेशी उत्पादन के बल पर सफलतापूर्वक पूरा किया है…

निश्चित रूप से, जहां एक ओर देश के त्योहारी बाजार में त्योहार से जुड़े स्थानीय और घरेलू उत्पादों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर चीन से आयातित त्योहारी उत्पादों की मांग में लगातार कमी आ रही है। इस सुकूनदायक परिदृश्य के बीच सबसे बड़ी चुनौती यह है कि चीन सहित अन्य देशों से त्योहारी उत्पादों के अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के औद्योगिक और अन्य उत्पादों का आयात निरंतर बढ़ता जा रहा है। ऐसे में, स्वदेशी और घरेलू उत्पादों की नियमित मांग को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की घरेलू वस्तुओं की मांग बढ़ाकर आयात पर नियंत्रण करना होगा, ताकि व्यापार घाटे को काबू में रखते हुए रणनीतिपूर्वक आगे बढ़ा जा सके। उल्लेखनीय है कि हाल ही में 13 नवंबर को वाणिज्य मंत्रालय द्वारा प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2026 में भारत का वस्तु व्यापार (मरचेंडाइज ट्रेड) घाटा बढक़र 39.88 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जो पिछले 12 महीनों का सबसे उच्च स्तर है। कच्चे तेल के बढ़ते आयात, इलेक्ट्रॉनिक सहित विभिन्न वस्तुओं के बढ़ते आयात और सोने की खरीददारी में आई भारी तेजी के कारण आयात में यह उछाल देखने को मिला है। इसके विपरीत, सितंबर महीने में यह व्यापार घाटा 30.21 अरब डॉलर दर्ज किया गया था। अक्टूबर माह में भारत का कुल वस्तु आयात बढक़र 89.35 अरब डॉलर के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान देश के निर्यात मोर्चे पर भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। इसी अवधि में वस्तु निर्यात बढक़र 49.47 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत अधिक है। मजबूत वैश्विक मांग और प्रमुख सेक्टरों के बेहतर प्रदर्शन ने निर्यात को यह जरूरी बल प्रदान किया है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों दिवाली के त्योहारी बाजार में महंगाई की तमाम चुनौतियों के बावजूद स्थानीय और घरेलू उत्पादों की बिक्री की जबरदस्त रौनक उभरकर दिखाई दी है। इसमें कोई दो मत नहीं है कि विगत कुछ वर्षों से प्रधानमंत्री द्वारा वोकल फॉर लोकल का लगातार आह्वान नागरिकों के उपभोक्ता व्यवहार पर गहरा और सकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। परिणामस्वरूप, हर बीतते त्योहार के साथ भारतीय बाजारों में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों द्वारा निर्मित वस्तुओं की मांग और बिक्री में सतत वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्तमान समय में जब वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, भू-राजनीतिक तनावों, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) की बाधाओं के कारण महंगाई का दबाव लगातार बना हुआ है, तब भी भारतीय उपभोक्ताओं के खरीददारी के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। देश के प्रमुख व्यापारिक संगठन फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के अनुसार इस बार नवरात्रि से दिवाली तक करीब 7 लाख करोड़ रुपए से अधिक का रिकॉर्ड कारोबार हुआ है। वहीं, विभिन्न शीर्ष आर्थिक संस्थानों की रिपोर्टों के मुताबिक इस त्योहारी चक्र में भारत के कुल व्यापारिक कारोबार में पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। नि:संदेह, इस बार त्योहारी सीजन की सबसे सुखद तस्वीर यह रही कि भारतीय बाजारों में चीनी उत्पादों का वर्चस्व तेजी से घटा है और स्वदेशी सामानों की हिस्सेदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यदि हम एक दशक पूर्व की स्थिति का स्मरण करें, तो दिवाली के बाजारों पर सस्ते, आकर्षक, लेकिन घटिया गुणवत्ता वाले चीनी सामानों का 70 से 80 प्रतिशत तक एकछत्र राज हुआ करता था। चाहे सजावटी एलईडी लाइटें हों, प्लास्टिक के उपहार, प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां, आतिशबाजी हो या फिर बच्चों के खिलौने, चीन से बड़े पैमाने पर होने वाले आयात ने भारत के पारंपरिक कारीगरों, कुम्हारों, बुनकरों और लघु उद्यमियों को गंभीर रूप से हाशिए पर धकेल दिया था।

इसके साथ ही, देश की बहुमूल्य विदेशी मुद्रा हर वर्ष पानी की तरह बाहर चली जाती थी। यद्यपि भारत के कुल आयात और व्यापार घाटे में चीन का हिस्सा अब भी बड़ा है, लेकिन त्योहारी और उपभोग योग्य सामानों के आयात में आई यह भारी कमी एक बहुत बड़ा सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक बदलाव है। भारतीय उपभोक्ता अब चीनी सामानों के स्थान पर विशुद्ध रूप से स्वदेशी, प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को अपनी पहली पसंद बना रहे हैं। इस बड़े बदलाव के कारण भारत को त्योहारी मौसम के दौरान अरबों रुपए की बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की ऐतिहासिक बचत करने में बड़ी सफलता मिली है। भारतीय कारीगरों और ‘मेक इन इंडिया’ का सशक्तिकरण यह महत्वपूर्ण आर्थिक परिवर्तन केवल किसी भावुक अपील का परिणाम नहीं है, बल्कि इसके पीछे भारतीय कारीगरों, बुनकरों, लघु उद्यमियों और ‘मेक इन इंडिया’ समूहों की कड़ी मेहनत, नवाचार और तकनीकी सुधार का बहुत बड़ा योगदान है। पिछले कुछ वर्षों में एमएसएमई क्षेत्र ने तकनीक, डिजाइन, गुणवत्ता नियंत्रण और सप्लाई चेन के मोर्चे पर खुद को अत्यधिक प्रतिस्पर्धी बना लिया है। आज के देशी उत्पाद न केवल उच्च स्तर पर टिकाऊ हैं, बल्कि आधुनिक उपभोक्ता की पसंद, सौंदर्यबोध और उपयोगिता पर भी पूरी तरह खरे उतर रहे हैं। आर्थिक दृष्टिकोण से, जब कोई भी नागरिक किसी विदेशी कंपनी के बजाय स्थानीय उत्पाद खरीदता है, तो उसकी गाढ़ी कमाई का सीधा लाभ किसी विदेशी बाजार में जाने के बजाय भारत की जड़ों में बसे छोटे कारीगरों, कुम्हारों, बुनकरों, हस्तशिल्पियों और महिला स्वयं सहायता समूहों तक पहुंचता है। इससे धन का न्यायसंगत पुनर्वितरण होता है और ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी अर्थव्यवस्थाएं भीतर से मजबूत होती हैं।

निश्चित रूप से, पिछले एक दशक में खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने अपने दूरदर्शी अभियानों के जरिए ग्रामीण शिल्पकारों को निरंतर सशक्त बनाया है। ग्रामोद्योग विकास योजना और कुम्हार सशक्तिकरण योजना के तहत देशभर में हजारों कुम्हारों को आधुनिक इलेक्ट्रिक चाक और उन्नत टूलकिट वितरित किए गए हैं, जिससे उनकी उत्पादन क्षमता में 3 से 4 गुना की भारी वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में केवीआईसी ने 1.70 लाख करोड़ रुपए का कारोबार किया था, जो बढक़र 2025-26 में 1.87 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को भी पार कर गया। आयोग ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 2.51 लाख करोड़ रुपए के विशाल कारोबार का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के कुल उत्पादन में लगभग 320 प्रतिशत और बिक्री में 400 प्रतिशत से अधिक की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। स्थानीय उत्पादों का यह प्रोत्साहन केवल मिट्टी के पारंपरिक दीयों या हस्तशिल्प तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में भी इसने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया पहल और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव योजनाओं के योजनाबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन से देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के नए क्लस्टर स्थापित हुए हैं। इन स्वदेशी निर्माण इकाइयों और एमएसएमई इलेक्ट्रॉनिक्स समूहों ने इस वर्ष भारत के त्योहारी बाजार की करीब 80 प्रतिशत से अधिक प्रकाश व्यवस्था, सजावटी लडिय़ों और गृह-सज्जा उत्पादों की मांग को स्वदेशी उत्पादन के बल पर सफलतापूर्वक पूरा किया है। जिन सजावटी लाइटों के लिए भारत कभी बड़े पैमाने पर चीन पर निर्भर हुआ करता था, आज वे उत्पाद उच्च गुणवत्ता और बेहद किफायती दरों पर भारत की अपनी धरती पर ही निर्मित हो रहे हैं। बहरहाल, अब स्थानीय उत्पादों का मजबूत बाजार विकसित करने की दिशा में ठोस प्रयास हो रहे हैं।-डा. जयंती लाल भंडारी

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button