महाराष्ट्र

 शरद पवार गुट के NDA में शामिल होने का सुनेत्रा नहीं करेंगी विरोध, लेकिन NCP के विलय को ‘ना’

मुंबई: एनसीपी अजित पवार गुट और शरद पवार गुट के विलय को लेकर चल रही अटकलों को लगभग पूर्ण विराम लग गया है। लेकिन शरद पवार गुट क्या बीजेपी नीत एनडीए में शामिल होगा इसको लेकर राजनीतिक जानकारों की दिलचस्पी बढ़ गई है। एनसीपी सूत्रों के मुताबिक़ शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बीच लंबी बैठक हुई। इसमें सुनेत्रा पवार ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी पार्टी शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के साथ विलय नहीं करेगी। हालांकि उन्होंने साफ़ कहा कि शरद पवार गुट यदि एनडीए में एक स्वतंत्र पार्टी के रूप में शामिल होती है तो उसका विरोध नहीं है। सुनेत्रा पवार ने विलय की संभावना को नकारते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसी कोई संभावना नहीं है। इसलिए हमारी तरफ से पूरी तरह से फुल स्टॉप लगा दिया गया है।

परिसीमन पर शरद पवार एनडीए के साथ, पार्टी में विरोध !

एनसीपी शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने यह कह कर संकेत दिया है कि यदि परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाती हैं और इसे लिखित रूप में लाया जाता है, तो उनकी पार्टी इस पर विचार कर सकती है।शरद पवार गुट के लोकसभा में 8 सदस्य हैं। नरेंद्र मोदी सरकार के लिए परिसीमन विधेयक पास करवाने में इनका समर्थन निर्णायक हो सकता है। इसलिए अटकलें लगाई जा रही हैं कि शरद पवार की एनसीपी एनडीए में शामिल हो सकती है। हालांकि सुप्रिया सुले इसे सिरे से ख़ारिज कर चुकी हैं। वहीं परिसीमन विधेयक का पार्टी द्वारा समर्थन करने का एनसीपी में ही विरोध शुरू हो गया है। सुप्रिया सुले के रुख का पार्टी की महासचिव नताशा आव्हाड ने विरोध किया है। जबकि प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील का कहना है कि ऐसी कोई आधिकारिक चर्चा पार्टी में नहीं हुई है।

पार्टी की कमान और राजनीतिक विरासत को बचाए रखने की चिंता

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पार्टी पर नियंत्रण खोने और राजनीतिक विरासत बचाये रखने के डर से सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार ने एनसीपी के विलय पर हामी नहीं भरी है। सुनेत्रा पवार को आशंका है कि दोनों एनसीपी के एक होने पर वह और पार्थ पवार की पकड़ पार्टी पर उस तरह नहीं रह जाएगी जिस तरह अभी है। विलय होने पर पार्टी का रिमोट कंट्रोल शरद पवार और सुप्रिया सुले के हाथ में जा सकता है। विलय के बाद इसका सुनेत्रा पवार के कद पर भी असर आ सकता है। दोनों दलों के विलय होने पर शरद पवार और सुप्रिया सुले का गुट मजबूत हो सकता है।इसलिए सुनेत्रा और पार्थ दोनों का मानना है कि विलय की कोई जरूरत नहीं है।

वरिष्ठ नेताओं ने बढ़ाई सुनेत्रा की चिंता

अजित पवार के साथ आये पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे नेता पार्टी पर पार्थ पवार की पकड़ मजबूत होते देख असहज मासूस कर रहे हैं। पिछले दिनों इन नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके आलावा अजित पवार के निधन के बाद विलय की चर्चा से इंकार करने वाले सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे नेता अब इसकी पुष्टि कर रहे हैं। और दोनों एनसीपी के साथ आने की वकालत कर रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं की पैंतरेबाजी से सुनेत्रा और पार्थ पवार अलर्ट हो गए हैं और दोनों एनसीपी के विलय को सिरे से खारिज कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button