धनुष तोप ने टेस्ट में दिखाए जबरदस्त जलवे, बोफोर्स से 10 किमी ज्यादा रेंज, 46 किलोमीटर तक नेस्तनाबूद करेगी दुश्मन

जबलपुर: मध्य प्रदेश के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र से एक बेहद गर्व करने वाली खबर सामने आई है। जबलपुर स्थित गन कैरिज फैक्ट्री में तैयार अपग्रेड ‘धनुष’ तोप ने परीक्षण के दौरान अपनी मारक क्षमता और आधुनिक तकनीक का ऐसा दम दिखाया है कि अब जल्द ही 30 उन्नत तोपों की खेप भारतीय सेना को सौंपी जाएगी। फैक्ट्री के लांग प्रूफ रेंज और ओडिशा के बालासोर में हुए इस कड़े परीक्षण में तोप ने हर पैमाने पर सटीक प्रदर्शन किया है।
बोफोर्स से कहीं ज्यादा घातक और लंबी रेंज
जीसीएफ के इंजीनियरों ने पुरानी बोफोर्स 155 एमएम/39 कैलिबर तोप को अपग्रेड कर इसे 155 एमएम/45 कैलिबर की ‘धनुष’ तोप में बदला है। खास बात यह है कि इस अपग्रेडेशन के बाद इसकी मारक क्षमता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। सामान्य तौर पर इसकी रेंज 37 किलोमीटर तक है, लेकिन परीक्षण के दौरान इस तोप ने 46 किलोमीटर दूर तक के लक्ष्य को सफलता पूर्वक भेदकर सबको चौंका दिया। यह पुरानी बोफोर्स तोप से करीब 10 किलोमीटर अधिक रेंज देती है।
अब पूरी तरह स्वदेशी बनी ‘धनुष’ तोप
इस तोप की सबसे बड़ी खूबी इसका ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान से जुड़ना है। जीसीएफ के महाप्रबंधक राहुल चौधरी ने बताया कि पहले इस तोप में लगने वाली सबसे अहम इलेक्ट्रॉनिक चिप इजरायल से आयात करनी पड़ती थी। लेकिन अब यह चिप पूरी तरह भारत में ही तैयार की जा रही है। इससे न केवल तोप के निर्माण की लागत में कमी आई है, बल्कि यह पूरी तरह स्वदेशी और सुरक्षित हो गई है।
आधुनिक तकनीक और ऑटोमैटिक फीचर्स से लैस
अपग्रेड धनुष तोप में आधुनिक युद्ध की जरूरतों के हिसाब से कई घातक फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें ऑटोमैटिक लोडिंग सिस्टम, एडवांस्ड फायर कंट्रोल सिस्टम, जीपीएस आधारित नेविगेशन और दिन-रात सटीक निशाना लगाने की आधुनिक क्षमता शामिल है। इसके अलावा जीसीएफ में वर्तमान में 20 ‘लाइट फील्ड गन’ का भी परीक्षण चल रहा है, जो अपने हल्के वजन के कारण पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में सेना के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
- कैलिबर में बदलाव: बोफोर्स की 39 कैलिबर क्षमता को अपग्रेड कर 45 कैलिबर किया गया है, जिससे गोले की रफ्तार और दूरी बढ़ी है।
- मारक क्षमता में इजाफा: सामान्य मारक रेंज 37 किमी से बढ़कर परीक्षण के दौरान 46 किमी तक दर्ज की गई है।
- तकनीकी अपग्रेड: तोप में जीपीएस नेविगेशन, ऑटोमैटिक लोडिंग और एडवांस फायर कंट्रोल सिस्टम जोड़े गए हैं।
- पूर्ण स्वदेशीकरण: इजरायली चिप के स्थान पर अब भारत में निर्मित अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक चिप का उपयोग किया जा रहा है।



