अंतर्राष्ट्रीय

डोनबास के बदले NATO की पेशकश, रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए अमेरिका ने रखा प्रस्ताव, जेलेंस्की बोले- जनता लेगी फैसला

 कीव। रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में हुई शांति वार्ता के दौरान एक बड़े प्रस्ताव की चर्चा सामने आई है। दरअसल, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि अबू धाबी में हुई बातचीत में अमेरिका ने यूक्रेन को नाटो की सदस्यता देने के बदले पूर्वी डोनबास क्षेत्र से पीछे हटने की संभावना जताई है।

जेलेंस्की के अनुसार, उनकी सरकार इस मुद्दे पर नाटो और यूरोपीय संघ (EU) के साथ विशिष्ट सुरक्षा गारंटी को लेकर बातचीत कर रही है, और पश्चिमी देशों से आधिकारिक पुष्टि मिलने के बाद ही वह इस प्रस्ताव के बारे में यूक्रेनी जनता से राय लेंगे।

यदि यूक्रेन नाटो में शामिल हो जाए तो?

पत्रकारों से बातचीत में जेलेंस्की ने कहा, ‘अमेरिकी पक्ष ने यह सवाल उठाया कि यदि यूक्रेन नाटो में शामिल हो जाए, तो क्या वह डोनबास क्षेत्र से पीछे हट जाएगा?’

इस पर जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि यूक्रेनी सरकार फिलहाल नाटो और यूरोपीय संघ (EU) के साथ इस पर चर्चा कर रही है। इसके बाद पश्चिमी देशों की ओर से इन प्रस्तावों की औपचारिक पुष्टि होने के बाद अपने देश की जनता से पूछूंगा कि वे इस बारे में क्या सोचते हैं और क्या हमें इसे स्वीकार करना चाहिए? मुझे अकेले इतना बड़ा फैसला लेने का कोई अधिकार नहीं है।

फिर चर्चा में नाटो की सदस्यता का मुद्दा

जेलेंस्की ने आगे कहा कि इसी वजह से नाटो की सदस्यता का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है, हालांकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कड़े रुख को देखते हुए इस पर सहमति बनाना बेहद मुश्किल है।

यूरोप के सुरक्षा ढांचे में बड़े बदलाव की पुतिन की मांग

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन यद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली नई शांति वार्ता से पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक कड़ी शर्त रख दी है। पुतिन की मांग है कि वार्ता की पूर्व शर्त के तौर पर यूरोप के मौजूदा सुरक्षा ढांचे में बुनियादी बदलाव किया जाए।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूरोपीय संघ (EU) और नाटो ही यूरोप की एकमात्र वास्तविक सुरक्षा हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि महाद्वीप की सुरक्षा व्यवस्था को बदलने की क्रेमलिन की कोशिश से क्षेत्र में और अधिक युद्ध छिड़ सकते हैं।

जेलेंस्की ने कहा, ‘यह बेहद खतरनाक है, क्योंकि मेरी नजर में ठीक ऐसी ही कोशिशें नए युद्ध या तनाव बढ़ने का कारण बनती हैं। यूरोप में असली सुरक्षा का सीधा मतलब EU और NATO से है। इसके अलावा यूरोप के पास सुरक्षा का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।’

बताते चलें कि रूस और यूक्रेन ने मंगलवार को साढ़े चार साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए 9 महीनों में पहली बार अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत की। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बैठक को बहुत उत्पादक” बताया, जबकि ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह बातचीत “रचनात्मक और काफी ठोस” रही।

लड़ाई कम होने के कोई संकेत नहीं हैं, और यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब रूस और यूक्रेन दोनों की ओर से लंबी दूरी तक मार करने वाले नए हमले किए जा रहे हैं। दोनों सेनाएं फ्रंट लाइन पर एक तरह से गतिरोध की स्थिति में फंसी हुई हैं।

9 महीने बाद अमेरिका की मध्यस्थता में रूस-यूक्रेन के बीच वार्ता

साढ़े चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत रूस और यूक्रेन ने मंगलवार को अमेरिका की मध्यस्थता में अहम बातचीत की। पिछले नौ महीनों में दोनों देशों के बीच यह पहली सीधी वार्ता है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बैठक को बेहद सार्थककरार दिया, वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यह बातचीत रचनात्मक और काफी ठोस रही। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button