उत्तरप्रदेश

बदायूं में बरेली-मथुरा हाईवे पर पलटी वैगनआर कार, हादसे में 2 की मौत, 4 घायल

 बदायूं: बदायूं में सड़क पर दौड़ती एक वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। कार के भीतर फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार छह लोगों में से चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

शुरुआत में एक युवक की मौत की पुष्टि हुई, लेकिन कुछ देर बाद इलाज के लिए बरेली ले जाते समय दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की खबर ने दो परिवारों की खुशियां एक झटके में मातम में बदल दीं।

बदायूं जाते समय काल बन गई कार

यह हादसा 9 नवंबर को देर-रात बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बड़े सरकार की जियारत के आस-पास हुआ। मिल रही जानकारी के मुताबिक वैगनआर कार में छह लोग सवार होकर बदायूं की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

दो लोगों की हुई मौत

हादसे में आदर्श नगर निवासी सक्षम गुप्ता (17), पुत्र ऋषि गुप्ता की मौत की पुष्टि हुई है। इसके कुछ देर बाद दूसरे युवक कृष्णा नांशू (21), पुत्र संजय कुमार, निवासी आदर्श नगर की भी बरेली ले जाते समय मौत हो गई। शुरुआती सूचना में एक युवक की मौत सामने आई थी, लेकिन बाद में दूसरे युवक की मौत की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया।

चार घायल, अस्पताल में जिंदगी की जंग

घायलों में अर्चित शाहू (22), निवासी मंडी समिति, उदय (20), वंश (21) और अमन शर्मा (24), निवासी आदर्श नगर शामिल हैं। चारों को बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई गई और बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की गई।

पुलिस मामले की जांच कर रही

एक ही कार में सवार छह युवकों के साथ हुए इस हादसे ने दो परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। दो घरों में मातम है, जबकि चार परिवार अपने अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं। हादसे के कारणों को लेकर पूरी जानकारी सामने आना-अभी बाकी है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button