मध्यप्रदेश

गौरी सरोवर में लड़की के कूदने की कहानी निकली फर्जी, CCTV से खुला राज, बॉयफ्रेंड के साथ भागी

भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड में एक लड़की के गौरी सरोवर में कूदने की खबर से हड़कंप मच गया था. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दो दिन से लड़की की तलाश में जुटी थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. खोजबीन लगातार जारी थी. पुलिस ने अपनी तरफ से भी मामले की पड़ताल शुरू की और फिर जो खुलासा हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया. लड़की के गौरी सरोवर में कूदने की कहानी फर्जी निकली. उसके पिता और भाई ने यह कहानी गढ़ी थी ताकि सामाजिक बदनामी से बचा जा सके. पुलिस अब पिता और भाई के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है.

भिंड में अंजलि बघेल के गौरी सरोवर में कूदने की कहानी झूठी निकली है. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दो दिन से रेस्क्यू करने में जुटी थी. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि लड़की के पिता और भाई ने अंजलि के गौरी सरोवर में कूदने की झूठी कहानी गढ़ी थी. बताया जा रहा है कि अंजलि अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद भाग गई, तो सामाजिक बदनामी के डर से पिता और भाई ने उसके गौरी सरोवर में कूदने की कहानी गढ़ डाली.

बहन का दुपट्टा और चप्पल रखी
प्लान के मुताबिक भाई अकेला गौरी सरोवर के किनारे पर पहुंचा और बहन का दुपट्टा और चप्पल सरोवर किनारे रखकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि उसकी बहन सरोवर में कूद गई. उसकी चीख-पुकार सुन वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. लगातार दो दिन रेस्क्यू चलने के बाद बॉडी नहीं मिलने पर पुलिस को संदेह पैदा हुआ और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तब मामले का खुलासा हुआ. सीसीटीवी कैमरे में अंजलि का भाई अकेला स्कूटी से जाता दिखा. पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो पिता और भाई ने सारा राज उगल दिया.

प्रेमी के साथ भाग गई अंजलि
उन्होंने पुलिस को बताया कि अंजलि अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद भाग गई है. पुलिस अंजलि से बातचीत करने में जुटी है. रेस्क्यू के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने बॉडी बरामद न करने को लेकर नाराजगी जताई थी.

भाई ने दी थी पुलिस को सूचना
देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने इस बारे में कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी एक लड़की अपने भाई के साथ स्कूटी से जा रही थी. वह अचानक स्कूटी से उतरी और गौरी सरोवर में कूद गई. भाई ने यह सूचना दी थी. पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. SDRF टीम को बुलाया गया. रेस्क्यू का काम जारी था. बॉडी बरामद नहीं हुई. लड़की के पिता और भाई के हावभाव संदेहास्पद लगे. इस आधार पर CCTV फुटेज की जांच की गई. फुटेज में भाई का दावा गलत निकला. वह अकेला स्कूटी से आ रहा था.

सख्ती से पूछताछ में उगला राज
उन्होंने आगे कहा कि भाई से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने राज उगल दिया. उसने बताया कि बहन अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद चली गई है. लोकलाज से डर से उन्होंने यह बात किसी को नहीं बताई. बदनामी से बचने के लिए उन्होंने यह झूठी कहानी गढ़ी थी. फिलहाल दोनों के बयानों की तस्दीक की जा रही है. पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद पिता और भाई के खिलाफ झूठी सूचना देने पर एक्शन लिया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button