बरेली में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, प्रेमी संग शव नहर किनारे फेंका

उत्तर प्रदेश के बरेली में भुता थाना क्षेत्र में पत्नी द्वारा पति की हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक पप्पू (40) की रस्सी से गला घोंटकर हत्या किए जाने के बाद शव को हरे रंग के कट्टे में भरकर मोटरसाइकिल से करीब चार किलोमीटर दूर मिर्जापुर भट्ठे के पास नहर की झाड़ियों में फेंक दिया गया.
इसके बाद मृतक की पत्नी नरगिस खुद थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी. पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ रियाज की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है.
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के अनुसार, नरगिस ने 15 सितंबर को पति पप्पू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. अगले दिन 16 सितंबर को उसने फैजनगर निवासी राजा उर्फ रियाज पुत्र सलीम के खिलाफ पति की हत्या किए जाने की तहरीर दी. पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस का कहना है कि शुरुआत में आरोपी पूछताछ के दौरान गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने घटना के संबंध में जानकारी दी.
राजा और नरगिस ने मिलकर की हत्या
आरोपी के कथित बयान के मुताबिक, 11 सितंबर की रात वह नरगिस के घर पहुंचा था. पुलिस के अनुसार राजा ने बताया कि नरगिस ने पप्पू के पैर पकड़े और रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को हरे रंग के कट्टे में भरकर मोटरसाइकिल से मिर्जापुर भट्ठे के पास नहर की झाड़ियों में फेंक दिया गया.
राजा की निशानदेही पर पुलिस नरगिस और राजा को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची. वहां झाड़ियों से पप्पू का शव बरामद हुआ. सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना में प्रयुक्त बताई जा रही मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
राजा और नरगिस में थे संबंध
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजा ने नरगिस से करीब चार वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात बताई है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
भुता थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि पप्पू की पत्नी ने पहले गुमशुदगी दर्ज कराई थी. बाद में उसने राजा उर्फ रियाज के खिलाफ हत्या की तहरीर दी. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर नहर किनारे झाड़ियों से पप्पू का शव बरामद किया गया. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है. मामले में हत्या के कारणों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.



