8 दिनों तक लंच में नहीं लाएं नॉन-वेज के साथ प्याज-लहसुन और आलू, बीजेपी विधायक के स्कूल के सर्कुलर पर मचा बवाल

भायंदर: महाराष्ट्र के भायंदर में बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता के ‘सेवन स्क्वायर स्कूल’ के एक सर्कुलर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जैन समुदाय के आठ दिवसीय पर्युषण पर्व के दौरान स्कूल ने छात्रों से लंच बॉक्स में नॉन-वेज खाना, प्याज, लहसुन, आलू, चुकंदर और जमीन के नीचे उगने वाली अन्य सब्जियां नहीं लाने को कहा है। पर्युषण पर्व मंगलवार से शुरू हुआ। इसके बाद मीरा रोड ईस्ट स्थित CBSE से जुड़े स्कूल ने अपने पोर्टल पर यह सर्कुलर जारी किया। स्कूल में अलग-अलग समुदायों के बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए इस निर्देश को लेकर आपत्ति जताई गई है।
एमएनएस ने दर्ज करवाई शिकायत
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारी सचिन पोकले ने स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक नरेंद्र मेहता के जैन समुदाय से होने के कारण छात्रों पर धार्मिक रीति-रिवाज थोपे जा रहे हैं। उन्होंने सिविक एजुकेशन ऑफिसर से स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, नरेंद्र मेहता ने सर्कुलर का बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य किसी धर्म की मान्यता थोपना नहीं, बल्कि छात्रों को स्वस्थ भोजन के लिए प्रोत्साहित करना है।
मेहता, खुद जैन होने के नाते, छात्रों पर धार्मिक पाबंदियां थोप रहे हैं। हमने सिविक एजुकेशन ऑफिसर को शिकायत सौंपकर स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
MNS के पदाधिकारी सचिन पोकले
बीजेपी विधायक की पत्नी चेयरपर्सन
बता दें कि ‘सेवन इलेवन एजुकेशन सोसाइटी’ इस स्कूल का संचालन करती है। बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता की पत्नी सोसाइटी की चेयरपर्सन हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी इससे जुड़े हुए हैं। इस मामले में शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इस तरह का फैसला स्कूल प्रशासन अपनी तरफ से नहीं ले सकता। इसके लिए माता-पिता और स्कूल के प्रतिनिधियों की मंजूरी जरूरी है।



