अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिकी के इडाहो में रेस्टोरेंट के अंदर अंधाधुंध गोलीबारी, हमलावर समेत 3 की मौत और कई घायल

वॉशिंगटन: अमेरिका के इदाहो राज्य के ट्विन फाल्स में एक रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी में कई लोगों की मौत हुई है और कई घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी मशहूर बर्गर चेन इन-एन-आउट रेस्टोरेंट में हुई, जो इस जगह कुछ दिन पहले ही खुली थी। ट्विन फाल्स पुलिस चीफ मैथ्यू हिक्स ने बताया कि हमलावर भी मारा गया है और समुदाय के लिए खतरा टल गया है। पुलिस हमलावर की पहचान और मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

गोलीबारी में कम से कम 3 की मौत

हिक्स ने कहा कि उन्हें ठीक-ठीक नहीं पता है कि कितने लोग मारे गए या घायल हुए हैं। अधिकारी अभी पीड़ितों के परिवार वालों को सूचना दे रहे हैं। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस चीफ की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ट्विन फॉल्स काउंटी कमिश्नर ब्रेंट रेनके ने कहा कि शेरिफ जैक जॉनसन ने उन्हें बताया था कि 5 लोग घायल हुए हैं।

राइफल से रेस्टोरेंट में चलाई गोलियां

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह इन-एन-आउट के पास एक ट्रैफिक लाइट पर रुके थे, तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति AR-स्टाइल राइफल लेकर ड्राइव थ्रू से बाहर निकला। इसके बाद पिस्टल लिए एक आदमी ने हमलावर पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उन्होंने यह भी कहा कि हमलावर ने कम से कम तीन या चार राउंड गोलियां चलाईं।

सड़क के दूसरी तरफ से बनाए एक वीडियो में हमलावर दिखाई दिया, जिसने काले कपड़े पहने थे। वह लंबी राइफल लेकर एक सफेद कार के पास गया। उसने ड्राइवर की तरफ का दरवाजा खोला और कार की डिक्की खोली। उसने डिक्की में हाथा डाला। इसके बाद वीडियो बंद हो जाता है। पुलिस ने बताया कि हमलावर मारा गया है लेकिन यह जानकारी नहीं दी कि उसकी मौत कैसे हुई।

पुलिस ने बताया कि हमले के बाद इलाके की सड़कें बंद कर दी गई थीं, जिसमें पास का एक पुल भी शामिल है। यह घटना हाल के महीनों में हुई गोलीबारी की घटनाओं की बढ़ती सूची में शामिल हो गई है, जिनमें सार्वजनिक जगहों पर लोगों को निशाना बनाया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button