शादी से इनकार करने पर सोते हुए परिवार पर फेंका तेजाब, पति-पत्नी और 2 बच्चे झुलसे

Bareilly News: बरेली के शेरगढ़ इलाके में एक महिला, उसका पति और उनके 2 बच्चे उस समय घायल हो गए जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उन पर सोते समय तेजाब फेंक दिया । पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार तड़के शेरगढ़ इलाके में हुई। पुलिस ने कहा कि परिवार गर्मी के कारण अपने घर के बरामदे में सो रहा था तभी आरोपी कथित तौर पर छत से अंदर आया और मच्छरदानी के माध्यम से उन पर तरल पदार्थ फेंक दिया।
मीरगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि शेरगढ़ पुलिस को सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि एक परिवार के 4 सदस्यों पर कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने से वे झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि आरोपी, जिसकी पहचान उमेश कश्यप के रूप में हुई है, कथित तौर पर खुद शादीशुदा होने के बावजूद लक्ष्मी देवी से शादी करना चाहता था।
अधिकारी ने कहा कि शादी से इनकार करने पर, उमेश कश्यप ने कथित तौर पर लक्ष्मी देवी के परिवार पर एक ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की कोशिश की। इस प्रयास में, कुछ छींटे परिवार के 4 सदस्यों पर गिर गए, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को शेरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनमें से एक को बरेली के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।



