बिजनौर विवाद में नया मोड़: मंदिर के बाहर नजर आए महिला-पुरुष पुलिसकर्मी, बोले- एक-दूसरे को जीवनसाथी मान लिया

बिजनौर: बढ़ापुर थाने के वॉट्सऐप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो शेयर होने का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। विभागीय कार्रवाई और विवाद के बीच महिला और पुरुष पुलिसकर्मी ने एक वीडियो जारी कर अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है। मंदिर के बाहर बनाए गए वीडियो में दोनों एक-दूसरे का साथ जीवनभर निभाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। उनका दावा है कि उन्होंने एक-दूसरे को जीवनसाथी मान लिया है और कुछ कानूनी अड़चनें दूर होने के बाद शादी करेंगे। दोनों ने लोगों से अपील की है कि उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए।
महिला पुलिसकर्मी ने वीडियो में आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें लंबे समय से परेशान कर रहे हैं। कथित फर्जी वीडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।
थाने के आधिकारिक ग्रुप में वीडियो से मचा था हड़कंप
मामले की शुरुआत उस समय हुई, जब बढ़ापुर थाने के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो शेयर किए जाने की जानकारी सामने आई। यह ग्रुप थाने के पुलिसकर्मियों के बीच विभागीय सूचनाओं और जरूरी संदेशों के आदान-प्रदान के लिए इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे आधिकारिक ग्रुप में इस तरह का वीडियो सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
विभागीय स्तर पर शुरू हो गई चर्चा
बताया गया कि वीडियो शेयर होने के कुछ देर बाद उसे ग्रुप से हटा दिया गया था। हालांकि, तब तक कुछ पुलिसकर्मियों के उसे डाउनलोड करने और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने की बात भी सामने आई। इसके बाद मामला विभागीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया और अधिकारियों ने इसकी जांच कराने का निर्णय लिया।
जांच रिपोर्ट के बाद थाना प्रभारी पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच टीम ने संबंधित थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। जांच के बाद रिपोर्ट एसपी को सौंपी गई। रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने बढ़ापुर के थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज तोमर को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया। अब दोनों पुलिसकर्मियों की ओर से नया वीडियो जारी किए जाने से विवाद ने एक और मोड़ ले लिया है।
मंदिर के बाहर वीडियो बनाकर रिश्ते पर रखी अपनी बात
नए वीडियो में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी साथ खड़े दिखाई देते हैं। दोनों अपने रिश्ते को लेकर अपनी बात रखते हुए कहते हैं कि उन्होंने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। उनका दावा है कि वे एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार कर चुके हैं। दोनों का कहना है कि कुछ कानूनी अड़चनें अभी बाकी हैं। इन अड़चनों के दूर होने के बाद वे कानूनी रूप से शादी करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये अड़चनें किस तरह की हैं।
कथित फर्जी वीडियो से बदनाम करने की कोशिश
महिला पुलिसकर्मी ने अपने वीडियो में कहा कि उन्हें और उनके साथी को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित फर्जी वीडियो के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। दोनों ने लोगों से अपील की कि उनके निजी जीवन में अनावश्यक दखल न दिया जाए और उन्हें परेशान करना बंद किया जाए।
महिला पुलिसकर्मी पहले से ही शादीशुदा
पुलिस सूत्रों की माने तो महिला पुलिसकर्मी पहले से ही शादीशुदा है। उसका पति भी सिपाही है। वीडियो वायरल होने के बाद महिला के पति ने दोनों के खिलाफ उच्च अधिकारियों के यहां शिकायत करने की बात कही थी। इसके चलते इन्होंने उत्तराखंड के एक मंदिर में औपचारिक शादी के बात कह कर एक साथ रहने की बात कहते हुए वीडियो जारी किया ताकि किसी भी कानूनी कार्रवाई से अपने आप को बचा सके।



