राष्ट्रीय

पीएम मोदी आज बिहार के दौरे पर, वैशाली में 34,470 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर 2026 को बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वे वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और परिवहन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु को राष्ट्र को करेंगे समर्पित

प्रधानमंत्री करीब 4,280 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित गंगा नदी पर एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर बिदुपुर से जोड़ती है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच मजबूत होगा संपर्क

नीतीश सेतु गंगा नदी पर एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त आवागमन मार्ग उपलब्ध कराएगा। इससे मौजूदा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा तथा उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय घटेगा। इस परियोजना से विशेष रूप से राघोपुर दियारा के निवासियों को लाभ होगा, क्योंकि पटना और स्वास्थ्य सेवा तथा शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी। पुल से कृषि उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं की आवाजाही सुगम होगी, बाजारों तक पहुंच बढ़ेगी तथा क्षेत्र में व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा। इससे बिहार के आर्थिक विकास में भी योगदान मिलेगा।

15,600 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

पीएम नरेंद्र मोदी 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की कई प्रमुख बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रमुख सड़क परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग-227एफ के चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 के उमगांव-सहरसा खंड का छह लेन में निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में सड़क संपर्क को मजबूत करना और आवागमन को सुगम बनाना है।

बक्सर ताप विद्युत परियोजना की यूनिट-2 का करेंगे उद्घाटन

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री 1,320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की यूनिट-2 (660 मेगावाट) का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही ऊर्जा विभाग के अंतर्गत बिजली वितरण और पारेषण अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। इनमें 1,130 करोड़ रुपए से अधिक की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत बिजली वितरण में हानि कम करने से संबंधित कार्य शामिल हैं।

जल संसाधन, सौर ऊर्जा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं

प्रधानमंत्री नहरों और तटबंधों के पुनरुद्धार एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा नवादा के फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना और कहलगांव में सीवरेज अवसंरचना से संबंधित परियोजनाएं भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से संबंधित भवनों एवं सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से सिंचाई, शहरी सेवाओं और आवश्यक सुविधाओं तक लोगों की पहुंच में सुधार होगा।

14,450 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

पीएम मोदी लगभग 14,450 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें 3,800 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किए जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का चार लेन में निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना (3×800 मेगावाट) के लिए लगभग 3,350 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली विद्युत निकासी परियोजना की आधारशिला भी रखी जाएगी।

कई शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं का होगा विकास

प्रधानमंत्री बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी, सहरसा और अन्य शहरी क्षेत्रों में सीवरेज एवं जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। अन्य परियोजनाओं में नहर प्रणालियों का आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क एवं छात्रावास, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं पुलिस डेटा सेंटर से संबंधित बुनियादी ढांचा शामिल हैं।

100 पीएम-ई-बसों को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी बिहार में 100 पीएम-ई-बसों को रवाना करेंगे। इससे राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और शहरी क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

26,900 से अधिक लाभार्थियों का होगा गृह प्रवेश समारोह

पीएम नरेंद्र मोदी आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश समारोह भी आयोजित किया जाएगा। यह शहरी परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button